बैरिया। थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव में शुक्रवार की रात छत के सहारे घर में घुसे चोरों ने 18 हजार नगदी समेत आठ लाख से अधिक मूल्य के आभूषण चुरा ले गए। मौके पर डायल 112 की पुलिस टीम पहुंच कर फोटोग्राफी और चोरी के सामानों को नोट कर वापस लौट गई। बैरिया पुलिस द्वारा अभी तक प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।
विशुनपुरा गांव निवासी श्रीराम सिंह उर्फ बुद्धू सिंह के घर के लोग शाम को खाना खाने के बाद अपने कमरों में सो गए थे। देर रात छत के रास्ते घर में घुसे चोरों ने छत के कमरे की अटैची, बक्सा खोलकर तलाशा, लेकिन उसमें कपड़ों के अलावा कुछ नहीं था। इसके बाद छत से नीचे आकर जो बंद कमरे का ताला तोड़कर अंदर घुसे और उसमें से एक बक्सा निकालकर छत पर चले गए। छत पर ही उस बक्से को खोल कर उसमें रखा हुआ 18 हजार नगद तथा सोने के तीन चेन, सात अंगूठी, तीन मंगटीका, तीन नथिया, चार मंगलसूत्र, एक हार तथा चांदी के तीन सेट करधनी, तीन सेट हाथ शंकर, पांच सेट पाजेब व चार सेट बिछुआ निकाल लिया और खाली बक्सा व आभूषणों के खाली डिब्बे छत पर छोड़ कर चले गए। गृह स्वामिनी चिंता देवी भोर में जब जागी तो दरवाजा खुला तथा कमरे में सामान बिखरा देख कर शोर मचाई। गृह स्वामिनी ने बताया कि उसका एक बेटा दुबई तथा दूसरा बेटा दिल्ली में इंजीनियर है। एक बहू मायके गई है। बेटी के भी कुछ आभूषण उसी के पास थे। संयुक्त परिवार है। ऐसे में गृह स्वामिनी के पास ही दो बहू व एक बेटी के आभूषण के अलावा भी एक बेटे की शादी अप्रैल में है। उसके लिए भी कुछ गहने बने थे जो सभी चोर लेकर चले गए। इस बाबत बैरिया एसएचओ संजय कुमार त्रिपाठी ने बताया कि चोरी की तहरीर मिला है जांचोपरांत मुकदमा पंजीकृत कर कार्रवाई किया जाएगा।