बलिया। मनियर बस स्टैंड के पास एकतिजिया के बागीचे में लगे मेले में बुधवार की देर शाम दंगल का आयोजन हुआ। इसमें जिले के अलावा बनारस, गाजीपुर, मऊ के साथ ही पड़ोसी राज्य बिहार के बक्सर आदि जनपद के पहलवानों ने प्रतिभाग किया। लगभग दस जोड़ी कुश्ती हुई जिसमें आधा दर्जन कुश्ती में निर्णय हुआ और शेष बराबरी पर छूटी। दंगल का आयोजन मेले के आयोजक पूर्व मंत्री स्व. निर्भय नारायण सिंह के पुत्र महाशक्ति सिंह उर्फ कंचन ने किया।
दंगल के दौरान महिला पहलवान ने भी जोर आजमाइश की। महिला पहलवान प्रीति गाजीपुर एवं सुरभि सिंह बलिया की कुश्ती रोचक रही जिसमें सुरभि सिंह ने प्रीति को पटकनी दी। वहीं, बाबा हरिओम दास खटगी ने हिटलर बनारस को, छोटेलाल दोआबा ने बक्सर के कृष्णा को, जयप्रकाश मनियर ने हलचल बनारस को, राजेंद्र पहलवान पिलूई ने अरविंद मैरवा सिवान बिहार व अजीत मनियर ने दीपक बेल्थरा को पटकनी दी। इसके अलावा नौनीहाल मऊ व गामा पहलवान बलिया, विनोद खटंगी व मनोज गाजीपुर, साधु बहेरी बलिया व मनोज गाजीपुर, हलचल बनारस व विनय पासवान खंटगी की कुश्ती बराबरी पर रही। दंगल प्रतियोगिता में जिले के पहलवानों का दबदबा कायम रहा। रेफरी के रूप में केदार पहलवान जोगेसरा एवं उद्घोषक संजय पहलवान खटंगी रहे।