बलिया। एक शिक्षा मित्र अपने ही पट्टीदार द्वारा बार-बार जांच के लिए आवेदन करने व अधिकारियों की ओर से जांच करने से तंग आकर डीएम व मुख्यमंत्री से गुहार लगाई है। शिकायत पर बेसिक शिक्षा विभाग एक ही मामले की छह बार जांच करा चुका है और सातवीं बार फिर उसी जांच के लिए अधिकारी भी नियुक्त कर चुका है।
विकास खण्ड मुरली छपरा क्षेत्र के सोनबरसा गांव निवासी रविशंकर दुबे ने जिलाधिकारी व मुख्यमंत्री को दिए गए पत्र में बताया है कि मैं गांव के ही प्राथमिक विद्यालय सोनबरसा नम्बर एक पर बतौर शिक्षा मित्र कार्यरत हूं। मेरी नियुक्ति वर्ष 2008 में हुई थी। मेरे पट्टीदार जुगुल कुमार दुबे से सालों से भूमि विवाद होता चला आ रहा है जिसका मुकदमा न्यायालय में विचाराधीन है। मेरे ऊपर दबाव बनाने के लिए मेरी नौकरी को कूटरचित बताते हुए मेरे मूल प्रमाण पत्रों को गलत ठहराते हुए पहली बार वर्ष 2011 में अधिकारियों से शिकायत की जिस पर जांच हुई और विभाग द्वारा मेरे प्रमाण पत्रों सही करार दिया गया। इसके उन्होंने वर्ष 2014, 2016, 2017, 2018, 2019 में भी शिकायत की और जांच हुई और हर बार जांच में विभाग मेरे प्रमाण पत्रों को सही ठहराया। अब एक बार फिर कुछ माह पहले पट्टीदार ने शिकायत की है जिसकी जांच के लिए बीएसए ने जांच खण्ड शिक्षा अधिकारी रेवती को सौंपी है। शिक्षा मित्र ने डीएम व मुख्यमंत्री को बताया है कि इसके चलते मैं मानसिक रूप से काफी बीमार होता चला जा रहा हूं। बार-बार गलत शिकायत करने वाले के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।