बलिया। नगरपालिका बोर्ड की ओर से अनुमोदित किए बगैर चेयरमैन पर टेंडर निकालने का आरोप सभासदों ने लगाया। सभासदों ने बिना अनुमोदन के कार्यों के कराये जाने से रोकने और लोहिया मार्केट के आवंटन की प्रक्रिया प्रशासनिक अधिकारी की देखरेख में कराने की मांग को लेकर सोमवार को जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि विगत एक साल से बोर्ड की बैठक नहीं हुई है।
22 सितंबर को बोर्ड की बैठक रखी गयी थी, जो निरस्त हो गई। बोर्ड की बैठक में कोई कार्यवाही नहीं हुई है। इससे आहत होकर चेयरमैन अजय कुमार अपने खिलाफ चल रही जांच को प्रभावित करने की कवायद कर रहे हैं। आरोप लगाया है कि चेयरमैन सभासदों के घर-घर जाकर प्रलोभन और दबाव देकर अपने मन मुताबिक प्रस्ताव लिखवा रहे हैं ताकि शासकीय धन की बंदरबांट हो सके तथा चल रही जांच से बचा जा सके। सभासदों ने ज्ञापन में आरोप लगाया कि चेयरमैन अपने कार्यकाल के शेष कुछ दिनों में लोहिया मॉर्केट का आवंटन कर अवैध वसूली करने के प्रयास में है। सभासदों ने जिलाधिकारी से बिना बोर्ड में पास हुए नगर पालिका के सभी प्रकार के कार्यों पर रोक लगाकर दोषियों पर उचित कार्रवाई करने, पैड पर लिखित प्रस्ताव को खारिज करने तथा सभासदों के पैड पर आने वाले प्रस्ताव को निरस्त करने की मांग की है। ज्ञापन देने वालों में सभासद हरिशंकर राय, अमित कुमार दूबे, सुमित मिश्रा आदि शामिल रहे।