नगरा। शासन के निर्देशानुसार शनिवार को विपणन केंद्र नगरा पर गेहूं की खरीदारी शुरू हो गई है, जबकि अन्य क्रय केंद्रों पर इसका असर नहीं है। नगरा विकास खण्ड में कुल 15 क्रय केंद्र बनाए गए हैं। सबसे अधिक क्रय केन्द्र नेफेड के करनी, गौरा, बरौली, रूपवार, ताड़ीबड़ा गांव, डिहवा, सराय चावट, मलप बराईछ बनाए गए हैं। इसके अलावा पीसीएफ के दो खारी व नरहीं के साथ यूपी स्टेट एग्रो और एफसीआई पर भी क्रय केंद्र है। इन क्रय केंद्रों की जानकारी भी किसानों को नहीं रहती है। अधिकतर क्रय केंद्र बिचौलियों से मिलकर खरीदारी कागजो में दिखा देते हैं। विपणन केंद्र पर मलप और सोनापाली के किसानों की खरीदारी शुरू थी लेकिन केंद्र पर हाथ धोने के लिए साबुन या सैनिटाइजर की व्यवस्था नहीं रही। विपणन निरीक्षक दानिश खान ने बताया कि किसानों के गेंहू की खरीदारी शुरू कर दी गई है।