बैरिया। तीन सूत्रीय मांगों को लेकर सपा नेता ने मंगलवार को समर्थकों के साथ सोनबरसा चौरस्ता के पास एनएच 31 को जाम कर दिया। इससे लोगों को आवागमन में भारी असुविधा उठानी पड़ी। जाम के चलते एनएच पर दोनो ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। सपा कार्यकर्ताओं ने एनएच-31 के पुनर्निर्माण में मानक का अनुपालन न करने और काफी धीमी गति से कार्य करने पर एनएचएआई और संबंधित ठेकेदार के खिलाफ भड़ास निकाली।
वहीं, बीते 24 जनवरी को सड़क दुर्घटना में मृत सुनील कुमार पुत्र भूलन माली के परिजनों को एसडीएम के आश्वासन के बाद भी मुआवजा नहीं देने व बालक बाबा सेतु का एप्रोच मार्ग नहीं बनाए जाने पर नाराजगी जाहिर की। कहा कि सुरेमनपुर के पास बालक बाबा सेतु के निर्माण पर सरकार जानबूझ कर सुस्त है। आरोप लगाया कि भ्रष्टाचार में लिप्त तहसील प्रशासन जानबूझकर भूलन माली को मुआवजा नहीं उपलब्ध करा रहा है। एसएचओ पर आरोप लगाया कि दुर्घटना के दिन एसएचओ ने चालक की गिरफ्तारी की पुष्टि की लेकिन बाद में चालक का नाम ही मुकदमे में से हटा दिया गया। लगभग 4 घंटे बाद मौके पर पहुंचे एनएचएआई के प्रोजेक्ट मैनेजर वाईपी सिंह ने आश्वासन दिया कि जून तक बैरिया से मांझी तक का रास्ता बना दिया जाएगा। वहीं, बैरिया से गाजीपुर तक का काम पूरा कराने में एक वर्ष लगेंगे। उधर, मौके पर पहुंचे तहसीलदार शिवसागर दुबे ने आश्वासन दिया कि मुआवजा के बाबत जानकारी जिलाधिकारी को दी जाएगी। चार घंटे बाद चक्का जाम समाप्त हो गया। इस मौके पर पूर्व विधायक सुभाष यादव, सपा जिलाध्यक्ष राज मंगल यादव, साजन कनौजिया, विनय अंचल, रामेश्वर पासवान, अजय सिंह, विजयकांत सिंह, पिंटू उपाध्याय, अनूप वर्मा, राजकुमार रजक, मनोज यादव, अवनीश सिंह, गौतम यादव, निक्कू भाई, रोशन, उदय सिंह, राज प्रताप यादव, धर्मेंद्र सैनी, सर्वजीत कनौजिया, रविराज, सुनील कुमार और दीपक सैनी आदि रहे।