{"_id":"63022e2f6d13f7538e2e2a8c","slug":"small-boat-capsized-in-tons-river-in-ballia-two-traders-drowned","type":"feature-story","status":"publish","title_hn":"Ballia News: तेज लहर के चलते टोंस नदी में पलटी छोटी नाव, दो व्यापारी डूबे, चार लोग तैरकर बाहर निकले","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Ballia News: तेज लहर के चलते टोंस नदी में पलटी छोटी नाव, दो व्यापारी डूबे, चार लोग तैरकर बाहर निकले
Sun, 21 Aug 2022 06:38 PM IST
उत्पल कांत
अमर उजाला नेटवर्क, बलिया
अमर उजाला नेटवर्क, बलिया
Published by: उत्पल कांत
Updated Sun, 21 Aug 2022 06:38 PM IST
सार
बलिया के फेफना क्षेत्र में रविवार दोपहर टोंस नदी में डोंगी (छोटी नाव) पलट गई। घटना के वक्त नाव पर कुल छह लोग सवार थे। चार लोगों ने तैरकर अपनी जान बचा ली, जबकि दो लापता हो गए।
विज्ञापन
गोपालपुर में बाढ़ का निरीक्षण करते बैरिया विधायक जयप्रकाश अंचल
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
बलिया जिले के दरामपुर गांव के ठोकर के पास रविवार दोपहर टोंस नदी की लहरों में फसंकर डोंगी (छोटी नाव) पलटने से दो पशु व्यापारी डूब गए, जबकि चार चरवाहे किसी तरह तैरकर बाहर आ गए। डूबे लोगों की गोताखोरों से तलाश कराई जा रही है। फेफना थानाक्षेत्र के दारामपुर गांव के टोंस नदी के उस पार दियारे में चरवाहों ने डेरा बनाकर पशु रखे हैं।
विज्ञापन
दरामपुर गांव निवासी नन्हक यादव, दिलीप पासवान उर्फ उत्तिल, अशोक यादव उर्फ मुन्ना और धरिक्षन, पशु व्यापारी रघुनाथ यादव (50) बांसडीह, माया शंकर यादव (50) निवासी घसौती गड़वार को बछड़ा दिखाने के लिए नदी के पार ले जा रहे थे। सभी छह लोग डोंगी से नदी के पार जा रहे थे। बीच तेज लहर के चलते डोंगी डूब गई।
विज्ञापन
डोंगी चला रहे अशोक यादव के अलावा नन्हक यादव, धरिक्षन यादव और दिलीप पासवान किसी तरह तैरकर बाहर निकल गए। लेकिन, दोनों पशु व्यापारी डूब गए। सूचना पर सीओ सिटी प्रीति त्रिपाठी, तहसीलदार सदानंद सरोज, पुलिस टीम और क्षेत्रीय लेखपाल पहुंच गए। सीओ सिटी ने बताया कि तेज हवा के कारण नदी में लहरें उठ रही हैं। इस कारण गोताखोरों को कार्य करने में परेशानी हो रही है।
विज्ञापन
बलिया में बाढ़ लाल निशान से ऊपर है गंगा का जलस्तर
बलिया के बैरिया तहसील क्षेत्र में गंगा नदी खतरा बिंदु से आगे बढ़ने लगी है। गंगा के बढ़ते जलस्तर को देख तटवर्ती लोगों में दहषत बढ़ने लगा है। खतरे के निशान से 51 सेमी ऊपर जलस्तर मापा गया है। वहीं तटवर्ती गांव गोपालपुर गांव में बाढ़ का पानी घुस चुका है। तटवर्ती लोगों में अफरा तफरी मची हुई है।