बलिया। बेसिक शिक्षा निदेशालय की ओर से जिले के तीन स्कूलों को उत्कृष्ट विद्यालय के तौर पर चुना गया है। इन विद्यालयों के प्रधानाध्यापक व अध्यापकों ने अपनी ओर से विशेष प्रयास कर न सिर्फ विद्यालय भवन को आकर्षक बनाया है, बल्कि वहां पठन-पाठन का आदर्श माहौल भी बनाया है।
उत्कृष्ट चयनित तीनों विद्यालयों में आदर्श प्राथमिक विद्यालय भीखमपुर, प्राथमिक विद्यालय शिवपुर तथा प्राथमिक विद्यालय करमपुर नवीन शामिल हैं। जिले के तीन परिषदीय स्कूलों को संबंधित स्कूल के शिक्षक व प्रधानाचार्य ने संवारने का काम किया है। बतौर उदाहरण रसड़ा शिक्षा क्षेत्र में स्थित आदर्श प्राथमिक विद्यालय भीखमपुर को देखा जा सकता है। यहां के प्रधानाध्यापक अनिल कुमार वर्मा के प्रयासें से प्रदेश का उत्कृष्ट विद्यालय बन गया है। इस स्कूल के अधिकांश बच्चे किसानों व मजदूरों के ही पढ़ते हैं। बताया जाता है कि पहले बच्चे इस विद्यालय में आने से कन्नी काटते थे। यही नहीं अभिभावक भी अपने बच्चों को यहां नहीं भेजना चाहते थे लेकिन वर्मा ने यहां प्रधानाध्यापक का चार्ज संभालने के बाद अपनी मेहनत, लगन से विद्यालय का इस तरह कायाकल्प किया कि अब यहां अभिभावक भी अपने बच्चों का नाम खुश होकर लिखाते हैं। इसी तरह अन्य स्कूलों के शिक्षकों ने भी प्रयास किया है। बताया जाता है कि चयनित तीनों स्कूलों को प्रदेश मुख्यालय पर सम्मानित किया जाएगा।