महानिदेशक स्कूल शिक्षा एवं राज्य परियोजना निदेशक के आदेश के क्रम में विद्यालय के नियमित निरीक्षण एवं अनुश्रवण में अनुपस्थित मिले 104 शिक्षकों के खिलाफ बीएसए मनिराम सिंह ने अनुपस्थित तिथि का काटने का आदेश दिया है। इसमें 48 सहायक अध्यापक, 9 हेडमास्टर, 34 शिक्षामित्र, 11 अनुदेशक व 2 चपरासी शामिल हैं। बीएसए ने सभी से अनुपस्थिति का कारण एक सप्ताह के अंदर खंड़ शिक्षा अधिकारियों के माध्यम से तलब किया है।
बीएसए ने बताया कि खंड शिक्षा अधिकारी एवं जिला समन्वयकों द्वारा जनपद के विद्यालयों का निरीक्षण प्रेरणा पोर्टल से किया गया। निरीक्षण के दौरान परिषदीय अध्यापक, शिक्षामित्र व अनुदेशक बिना किसी सूचना के अनुपस्थित पाए गए, जिनका विवरण प्रेरणा पोर्टल पर अंकित है। बीएसए ने कहा है कि निरीक्षण के दौरान अध्यापक, शिक्षामित्र व अनुदेशक का अपने विद्यालय में अनुपस्थित पाया जाना, उनकी अनुशासनहीना, उच्चाधिकारियों के आदेशों-निर्देशों की अवहेलना एवं सौंपे गए कार्यो एवं दायित्वों के निर्वहन में घोर लापरवाही को प्रदर्शित करता है, जो किसी भी दशा में क्षम्य नहीं है। बीएसए ने सम्बंधित अध्यापक, शिक्षामित्र, अनुदेशक व चतुर्थ श्रेणी कर्मचारियों का अनुपस्थिति के दिन का वेतन/मानदेय कटौती करते हुए उन्हें निर्देशित किया है कि अपनी अनुपस्थिति का कारण सात दिन के अन्दर खंड शिक्षा अधिकारी के माध्यम से उपलब्ध कराना सुनिश्चित करें। अन्यथा की दशा में उनके विरुद्ध विभागीय नियमों के तहत अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।