ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर फिर धंसी सड़क: एक मीटर चौड़ा और दो मीटर गहरा गड्ढा मिलने से मचा हड़कंप, बैरिकेडिंग
ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर चांददियर पुलिस चौकी के पास फिर सड़क धंस गई। पुलिस ने यहां बैरिकेडिंग कर दी है। इससे पहले भी तीन बार सड़क धंस चुकी है। ऐसे में गुणवत्ता पर सवाल उठाए जा रहे हैं।
विस्तार
बलिया जिले में बैरिया-मांझी मार्ग पर निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे की गुणवत्ता फिर सवालों के घेरे में है। यादव नगर गांव के समीप चांददियर पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर दूर बुधवार सुबह सड़क के बीचोंबीच करीब एक मीटर गोलाई और लगभग दो मीटर गहराई का गड्ढा हो गया। पुलिस ने तत्काल माैके पर बैरिकेडिंग करा दी और कार्यदायी संस्था को सूचना दी। दोपहर करीब तीन बजे गड्ढे को भरने का काम शुरू कर दिया गया था। वहीं, सड़क पर फिर से गड्ढा होने पर ग्रामीणों ने निर्माण की गुणवत्ता पर सवाल उठाए हैं।
क्षेत्र निवासी अशोक सिंह, सेवानिवृत्त प्रो. सुभाष सिंह, पूर्व प्रधान भरत यादव, दुर्ग विजय सिंह और अधिवक्ता रणधीर सिंह नन्हे आदि ने बताया कि एक्सप्रेसवे पर लगातार सड़क धंसने से चिंता बढ़ गई है क्योंकि इसी स्थान पर 18 सितंबर 2024 को बाढ़ के पानी के तेज बहाव में करीब 60 मीटर सड़क बह गई थी। उस समय सड़क क्षतिग्रस्त होने से आसपास के गांवों की लगभग चार हजार आबादी प्रभावित हुई थी। अब उसी स्थान के आसपास ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर फिर से गड्ढा होने से हादसे की आशंका है। लोगों का कहना है कि सड़क निर्माण में गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का समुचित ध्यान नहीं रखा जा रहा है।
इसे भी पढ़ें; अपराधियों पर पुलिस का शिकंजा: दो गिरोह के पांच बदमाश गिरफ्तार, बिहार-बंगाल तक नेटवर्क; बैंक के बाहर ठगी का खेल
चांददियर पुलिस चौकी के दीवान मनीष कुमार सिंह व अन्य पुलिस कर्मियों की नजर गड्ढे पर पड़ी थी। उन्होंने तत्काल मौके पर बैरिकेडिंग कराकर आवागमन को नियंत्रित किया। पुलिस ने संबंधित विभाग को सूचना देकर सड़क की मरम्मत कराने की पहल की।
पहले भी धंस चुकी है सड़क
- 18 सितंबर 2024: चांददियर पुलिस चौकी से करीब 200 मीटर दूर एनएच-31 के बैरिया-मांझी मार्ग का लगभग 60 मीटर हिस्सा बाढ़ के पानी के तेज बहाव में बह गया था।
- करीब डेढ़ वर्ष पहले: चांददियर चौराहे और कारगिल पेट्रोल पंप के बीच निर्माणाधीन ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे पर दो स्थानों पर सड़क के नीचे बड़े-बड़े गड्ढे बन गए थे। इस दौरान एक साइकिल सवार गड्ढे में गिरकर घायल हो गया था।
- करीब एक वर्ष पहले : मठ योगेंद्र गिरि चट्टी के समीप भी सड़क के नीचे बड़ा गड्ढा बन गया था।
सड़क धंसने के प्रमुख कारण
- चांददीयर पुलिस चौकी के करीब दो सौ मीटर दूरी पर बाढ़ के दबाव से सड़क कटकर बह गई थी।
- पुलिस चौकी के समीप कारगिल पेट्रोल पंप पर सड़क के नीचे पुलिया को बंद कर दिया गया था, जब बाढ़ के पानी का रिसाव हुआ तब सड़क धंस गई।
- मठ योगेंद्र गिरि चट्टी के समीप भी पूर्व में स्थापित पुलिया को मिट्टी से दबा दिया गया था। जब पानी का रिसाव हुआ तो वहां सड़क धंस गई थी।
- बुधवार सुबह चांददियर चौकी के समीप सड़क धंस गई। लोगों का कहना है कि सड़क में जब भराई हुई थी तो उसमें मिट्टी कम बालू ज्यादा मात्रा में रही।
अधिकारी बोले
एक्सप्रेसवे का निर्माण कार्य अभी पूरा नहीं हुआ है। फिलहाल डीबीएम (डेंस बिटुमिनस मैकडम) लेयर पर यातायात संचालित हो रहा है। सड़क की अंतिम बीसी (बिटुमिनस कंक्रीट) लेयर बिछाने का कार्य प्रगति पर है। सड़क पर बने गड्ढे को तत्काल दुरुस्त कराया जाएगा। -पीयूष अग्रवाल, परियोजना निदेशक ग्रीनफील्ड एक्सप्रेसवे
