बलिया। महिला कल्याण विभाग की तरफ से महिला जनसुनवाई कार्यक्रम का आयोजन डाक बंगले में बृहस्पतिवार को किया गया। राज्य महिला आयोग की सदस्य सुनीता श्रीवास्तव ने महिलाओं की समस्याओं को सुनकर तत्काल निस्तारण का निर्देश दिया। इस दौरान घरेलू हिंसा एवं पारिवारिक विवाद से जुड़े कुल 15 प्रकरणों की सुनवाई की गई। सुनवाई के दौरान सभी मामलों को संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए शीघ्र एवं प्रभावी निस्तारण सुनिश्चित करने को कहा गया। कहा कि निस्तारण निर्धारित अवधि के अंदर किया जाए, जिससे पीड़ित को राहत मिल सके।
ग्राम पंचायत पिपरपाती रघुनाथपुर में महिला चौपाल का भी आयोजन किया गया। चौपाल में महिलाओं से संवाद करते हुए उनकी सुरक्षा, महिला सशक्तिकरण एवं सरकार द्वारा संचालित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने कहा कि सरकार महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन के लिए लगातार प्रयासरत है तथा ऐसे जनसुनवाई एवं चौपाल कार्यक्रमों से समस्याओं के त्वरित समाधान में मदद मिलती है। इस मौके पर एसडीएम बेल्थरारोड तिमराज सिंह, बेसिक शिक्षा अधिकारी मनीष सिंह, जिला अल्पसंख्यक अधिकारी राजन, डा. मंजू रानी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अमरेंद्र कुमारपौत्स्यायन, महिला थाना से मंजू सिंह सहित विधिक सेवा प्राधिकरण की टीम, हब फॉर एम्पावरमेंट ऑफ वूमेन से अंजली सिंह एवं निकिता सिंह, वन स्टॉप सेंटर से पूजा सिंह, मनोज प्रजापति, राजन आदि मौजूद थे।