बैरिया। आजादी के 75वें वर्ष में नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर भोजापुर की ओर से अमृत महोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। इसमें विद्या मंदिर के छात्र-छात्राओं ने झांकियां निकालीं और शहीद स्मारक पर श्रद्धा के फूल चढ़ाए। स्वतंत्रता संग्राम सेनानी और शहीदों के आश्रितों को अंगवस्त्रम से सम्मानित किया।
नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर परिसर भोजापुर में रविवार को अमृत महोत्सव पर छात्र-छात्राओं की ओर से सांस्कृतिक कार्यक्रमों के प्रस्तुति के साथ वीरांगना झांसी की रानी की झांकी निकाली गई। हाथ में तिरंगा लिए सैकड़ों छात्र-छात्राओं ने विद्यालय परिसर से तिरंगा यात्रा निकाली जो बैरिया थाने के सामने स्थित शहीद स्मारक पर पहुंची। अमर शहीदों को छात्र छात्राओं ने श्रद्धा के फूल चढ़ाए। झांकी का मुख्य आकर्षण हाथ में तलवार लिए रानी लक्ष्मीबाई थीं। आरएसएस के जिला कार्यवाह हरिनाम सिंह, विद्यालय के प्रबंधक अनिल सिंह, विशिष्ट अतिथि अविनाश, प्रांतीय मंत्री अक्षय कुमार ठाकुर, नागाजी सरस्वती विद्या मंदिर माल्देपुर के प्राचार्य अरविंद सिंह चौहान, बैरिया के खंड कार्यवाह कमलाकांत आदि ने छात्र-छात्राओं को संबोधित किया। अमृत महोत्सव के महत्व को बताया। कार्यक्रम के संयोजक पवन कुमार व अनिल पांडेय ने आगंतुकों का स्वागत किया। प्रधानाचार्य राजेंद्र पांडे ने लोगों का धन्यवाद ज्ञापन किया।