बलिया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के तत्वावधान में आगामी राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन 9 मई शनिवार को किया जाएगा। इसके व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जनसहभागिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बृहस्पतिवार को दीवानी न्यायालय परिसर से प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया।
जनपद न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण अनिल कुमार झा ने राष्ट्रीय लोक अदालत की उपयोगिता, पारदर्शिता एवं सुलभ न्याय व्यवस्था के महत्व पर प्रकाश डालते हुए प्रचार अभियान की शुरुआत की। इस मौके पर प्रधान न्यायाधीश, परिवार न्यायालय अश्वनी कुमार दुबे, पीठासीन अधिकारी मोटर दुर्घटना दावा अधिकरण संजीव कुमार तिवारी तथा नोडल अधिकारी लोक अदालत प्रथम कान्त उपस्थिति रहे। कार्यक्रम का संचालन सचिव, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण चन्द्र प्रकाश तिवारी ने किया। बताया गया कि प्रचार वाहन जिले की समस्त तहसीलों का भ्रमण कर लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व से अवगत कराएगा। इसके माध्यम से आमजन को जानकारी दी जाएगी कि वे जुर्माने से दंडनीय मामलों, पारिवारिक विवाद, भूमि विवाद, बिजली एवं टेलीफोन बिल विवाद, टैक्स मामलों, चेक बाउंस प्रकरणों तथा सुलह योग्य फौजदारी मामलों का त्वरित एवं प्रभावी समाधान राष्ट्रीय लोक अदालत के माध्यम से प्राप्त कर सकते हैं। अधिकारियों ने बताया कि राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित मामलों में अपील नहीं की जाती तथा इसमें समय और धन दोनों की बचत होती है।