बलिया। बांसडीह रोड थाना क्षेत्र के उधोदवनी गांव से बिंद के छपरा मार्ग स्थित डोमन बाबा स्थान के समीप मंजू देवी का शव मिलने के मामले का पुलिस पांच दिन बाद भी खुलासा नहीं कर सकी। मृतका की बेटी ने अपहरण कर हत्या का आरोप लगाया है। इस मामले में पुलिस ने दो-तीन लोगों को पूछताछ के लिए हिरासत में लिया था। घटना स्थल पर पुलिया पर मिले खून के धब्बे व मृतका के सिर पर चोट के निशान से हत्या की आशंका स्थानीय लोगों ने जताई थी। पुलिस के पास शाॅल व क्षतिग्रस्त स्मार्ट फोन मिला था, जिसकी जांच पड़ताल पुलिस कर रही है।
दुबहड़ थाना के बैजनाथ छपरा (अखार) गांव निवासी मंजू देवी पत्नी स्व. दशरथ यादव, पति की मौत के बाद चार लड़कियों व तीन लड़कों के भरण पोषण के लिए शहर के तिखमपुर में काम करती थी। पुत्री के अनुसार काम करने के बाद बृहस्पतिवार को शाम करीब 4.30 बजे वह घर के लिए निकली। उसी दौरान बाहर खड़ा एक व्यक्ति मां को जबरदस्ती गाड़ी पर बैठाकर बोहा लेकर चला गया। वहां उसकी हत्या कर दी। बेटी ने बताया कि घटना की रात एक रिश्तेदार के मोबाइल पर मां के नंबर पर आए फोन से चिल्लाने व बचाने की आवाज सुनाई दी थी। पुत्री ने देर रात तक मां के घर न पहुंचने पर दुबहड़ थाने पर गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराने पहुंची। वहां उधोदवनी गांव के बोहा में मिला शव मौजूद था। उसने मां मंजू देवी के रूप में इसकी शिनाख्त की। इस बाबत थानाध्यक्ष अखिलेश चंद्र पांडेय ने बताया कि मृतका के परिजनों द्वारा कोई तहरीर नहीं मिली है, जिससे मुकदमा दर्ज नहीं हो सका है।