लालगंज। एक-दूसरे का सहयोग करने की परंपरा विश्व में यदि किसी देश में है तो वह भारत देश है। यहां समाज के बहुसंख्य लोगों की भावना सहयोग की होती है। यह परंपरा पुरातन काल से ही चली आ रही है और भविष्य में भी जीवंत रहेगी। कहा कि सामाजिक जीवन में गरीबों को मदद कर उसका फोटो खिंचवाकर प्रचारित करना गरीबों का मजाक उड़ाना है। यह बातें सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के हैं, जो सोमवार को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुरली छपरा में आयोजित पीपीई किट वितरण कार्यक्रम में बोल रहे थे।
सांसद ने कहा कि आशा बहू और आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं के लिए सरकार के पास सकारात्मक सोच है, इसका प्रतिफल दोनो विभागों को जल्द ही मिलने वाला है। उन्होंने अस्पताल के प्रभारी डॉ. देवनीति सिंह से कहा कि मेरे गांव का अस्पताल इतनी जर्जर स्थिति में है, यह ठीक नहीं है। शीघ्र प्राक्कलन बनवाकर दें, जितने धन की आवश्यकता होगी मैं उपलब्ध करा दूंगा। अस्पताल के चिकित्सकों के लिए दोकटी निवासी पूर्व प्रधानाचार्य कृष्ण कुमार पांडेय उर्फ मुन्नी पांडेय के पुत्र डॉ. निश्चल पांडेय द्वारा उपलब्ध कराए गए पीपीई किट एवं अन्य चिकित्सा संबंधी सामग्री को सांसद के हाथों से वितरित कराया गया। इस मौके पर भाजपा नेता नागेंद्र पांडेय, समाजसेवी सुशील पांडेय, सुरेश सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनके सिंह, डॉ. विजय यादव, एनएन शुक्ला, डॉ. एसएन पांडेय, डॉ. सुमन मिश्रा, रमेश पांडेय, मनोहर केशरी, डॉ. आनंद शर्मा, डॉ. बीना गौतम आदि रहे। संचालन निर्भय शुक्ला ने किया।