एमएलसी चुनाव 2022: बलिया में बढ़ने लगा राजनीतिक तापमान, भाजपा और सपा प्रत्याशी कल करेंगे नामांकन
विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र बलिया से भाजपा और सपा के प्रत्याशियों की ओर से मंगलवार को अपना नामांकन करने की घोषणा की गई है। इसकी तैयारियां जोर शोर से की जा रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
विधान परिषद के स्थानीय प्राधिकरण निर्वाचन क्षेत्र बलिया से भाजपा और सपा की ओर से प्रत्याशी घोषित करने के बाद जनपद का राजनीतिक तापमान बढ़ने लगा है। दोनों ही दलों के प्रत्याशियों की ओर से मंगलवार को अपना नामांकन करने की घोषणा की गई है। इसकी तैयारियां जोरशोर से की जा रही हैं।
समाजवादी पार्टी के उम्मीदवार अरविंद गिरी मंगलवार को अपना नामांकन दाखिल करेंगे। सपा जिला प्रवक्ता सुशील पाण्डेय 'कान्हजी' ने बताया की पार्टी के जिला कार्यालय से नामांकन दाखिल करने के लिए अरविन्द गिरी जिलाधिकारी कार्यालय पहुंचेंगे। इस दौरान पार्टी के समस्त वरिष्ठ नेता भी उपस्थित रहेंगे।
वहीं, भाजपा प्रत्याशी एवं पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पौत्र रविशंकर सिंह पप्पू अपने पैतृक गांव इब्राहिमपट्टी से सुबह आठ बजे चलकर भीमपुरा, ताड़ीबड़ागांव, नगरा, सलेमपुर, चोगड़ा, गड़वार, सुखपुरा, हनुमानगंज होते हुए जिलाधिकारी पहुंचेंगे और विधान परिषद चुनाव के लिए नामांकन करेंगे। '
चौथी बार एमएलएसी बनने की तैयारी, पहली बार खिलाएंगे कमल
बलिया की राजनीति में पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर और उनके परिवार का हमेशा दखल रहता है। विधान परिषद चुनाव में प्रत्याशी पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पौत्र रविशंकर सिंह उर्फ पप्पू तीन बार से बलिया से एमएलसी हैं। हर बार उनके दल अलग रहे हैं। इस दफा विधानसभा चुनाव से पहले ही सपा से पाला बदल कर भाजपा में आ गए थे। इस बार उनके सामने समाजवादी पार्टी के युवा चेहरे अरविंद गिरी होंगे। पूर्व पीएम चंद्रशेखर के पुत्र नीरज शेखर भाजपा से राज्यसभा सांसद हैं।
वाराणसी में सपा एमएलसी प्रत्याशी का नामांकन आज
वाराणसी में विधान परिषद (एमएलसी) के लिए पूर्व जिला पंचायत सदस्य उमेश यादव बतौर समाजवादी पार्टी प्रत्याशी सोमवार प्रात: 11.30 बजे नामांकन करेंगे। समाजवादी पार्टी के जिलाध्यक्ष सुजीत यादव और सपा महानगर अध्यक्ष विष्णु शर्मा ने संयुक्त रूप से विज्ञप्ति जारी करते हुए बताया कि 21 मार्च को वाराणसी, चंदौली और भदोही विधान परिषद सदस्य के चुनाव में समाजवादी पार्टी के प्रत्याशी उमेश यादव जेपी मेहता इंटर कालेज कचहरी से अपने समर्थकों के साथ कचहरी पहुंचकर नामांकन दाखिल करेंगे।