यूपी: एमएलसी चुनाव कोई सेमीफाइनल नहीं, सपा की जीत पर ओमप्रकाश राजभर का तंज; मुस्लिम वोटों पर कही बड़ी बात
बलिया दौरे पर आए मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने एमएलसी चुनाव में सपा की जीत पर तंज कसा। कहा कि एमएलसी सीट जीतकर सपा ने कौन सा तोप खड़ा कर लिया। विधानसभा चुनाव में यही पढ़े-लिखे लोग बूथ पर वोट देने नहीं जाएंगे।
विस्तार
प्रदेश सरकार के मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने शिक्षक व स्नातक एमएलसी चुनाव को लेकर कहा कि जिन सीटों पर सपा जीती है, कौन सा तोप खड़ा कर दिया है। कहा कि जनता और पढ़े-लिखे लोगों का जनादेश है। यह आम जनता का वोट नहीं है। एमएलसी का चुनाव कोई सेमीफाइनल चुनाव नहीं है।
मंत्री ओमप्रकाश राजभर ने बलिया जिले के सोहांव में एक कार्यक्रम में भाग लेने के बाद मीडिया से बातचीत में के दौरान ये बातें कही। कहा कि देखिएगा विधानसभा चुनाव में यही पढ़े-लिखे लोग बूथ पर वोट देने नहीं जाएंगे। आम मतदाता ही बूथ पर दिखेगा। यही देश और प्रदेश का इतिहास है।
मंत्री ने वाराणसी में सपा की जीत पर कहा कि बनारस में भी भाजपा को वोट मिला है। वोट का रेशियो देखिए जीतने-हारने का अंतर देखिए। जो भाजपा को पसंद करते हैं वह भाजपा को और जो समाजवादी पार्टी को पसंद करते हैं उन्होंने सपा को वोट दिया।
मुसलमानों की स्थिति पर कहा कि मौलवी मौलाना लोग मुसलमान का वोट बोरा का बोरा कांग्रेस और सपा में पहुंचाएं। आजादी के बाद नौकरियों में मुसलमान 38 प्रतिशत था। इतना विकास किया कि एक प्रतिशत भी मुसलमान नौकरी में नहीं हैं। मौलवी मौलाना और मदनी यह लोग जिनकी सरकार बनाते हैं उसे कहते हैं कि उन्हें हिस्सेदारी दें। एक बार भी मुसलमान के बेटे को मुख्यमंत्री बनाने की मौलाना मौलवी और मदनी क्यों नहीं करते। यह सब बहका करके मुसलमान का वोट लेकर के सरकार बनना चाहते हैं।
इसे भी पढ़ें; वाराणसी में सिपाही को लगी गोली: क्राइम सीन पर घटना, पेट में गोली लगने से गंभीर; बीएचयू ट्रॉमा सेंटर में भर्ती
ओमप्रकाश राजभर ने कहा कि 60 साल तक कांग्रेस ने शासन किया और पिछड़ों-दलितों, मुसलमानों का अधिकार लूटा। अब क्या लूटने की तैयारी हो रही है। आजाद भारत है, कोई अपनी पुस्तक लिखे और प्रकाशन करे। टाटा संस को लेकर राहुल गांधी के बयान पर कहा कि राहुल गांधी देश और सांविधानिक संस्थाओं के खिलाफ रहते हैं। उनके बयान को कोई नोटिस नहीं करता।