नगरा। सुभाष क्लब ताड़ीबड़ा गांव के तत्वावधान में आयोजित शिवकुमार सिंह स्मृति राज्य स्तरीय क्रिकेट प्रतियोगिता का उद्घाटन जिला पंचायत अध्यक्ष सुधीर पासवान ने किया। सुभाष इंटर कालेज के मैदान में उद्घाटन मैच गाजीपुर और मऊ के बीच खेला गया। इसमें मऊ की टीम ने गाजीपुर को हराकर सेमीफाइनल में अपना स्थान सुरक्षित किया।
टास जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए गाजीपुर की टीम ने निर्धारित 20 ओवर में 126 रन का स्कोर लक्ष्य दिया। जिसमें अरशद बेलाल ने चार चौके और दो छक्के की बदौलत 22 गेंद पर 29 रन तथा सत्यम ने एक चौका, तीन छक्का के सहयोग से 13 गेंद पर 27 रन का योगदान किया। जवाब में उतरी मऊ की टीम ने 12 ओवर में एक विकेट के नुकसान पर निर्धारित लक्ष्य को प्राप्त कर सेमी फाइनल में अपना स्थान सुरक्षित कर लिया। मऊ के तरफ से खेलते हुए आकाश ने 7 चौका और एक छक्का के सहयोग से 37 गेंद पर 52 रन तथा एहसान ने 4 चौका और 7 छक्का के सहयोग से 36 गेंद पर 67 रन बनाकर लक्ष्य हासिल कर लिया। प्रतियोगिता में मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार मऊ के एहसान को बीटीसी संयोजक राजेश सिंह ने दिया। अंपायर की भूमिका में हीरालाल, रघुधन तथा कमेंट्री की भूमिका में राजेश सिंह व चंद्रशेखर रहे। जबकि स्कोरिंग की भूमिका गौरव सिंह व गजेंद्र सिंह रहे। संयोजक प्रदीप सिंह व मुकेश ने मुख्य अतिथि का माल्यार्पण कर स्वागत किया। इस मौके पर मैनुद्दीन अंसारी, चंदन सिंह, गजन राजभर आदि मौजूद रहे।