बैरिया। तीन जून को असम के जोरहाट में लापता विमान में सवार बैरिया थाना क्षेत्र के शोभा छपरा निवासी वायु सेना के जवान सूरज सिंह भी शहीद हुए थे। राज्य सरकार ने अब तक शहीद के परिजनों को कोई सहायता नहीं दी है। शहीद की माता पूनम सिंह ने मुख्यमंत्री के जनता दरबार में लखनऊ पहुंच कर मदद की गुहार लगाई। सीएम ने उन्हें मदद का भरोसा दिया।
शहादत के बाद शहीद सूरज का पार्थिव शरीर पिछले 21 जून को आया था। उस दिन जनपद के हर चट्टी चौराहो पर शहीद का स्वागत आम लोगों व जनप्रतिनिधियों ने किया था। उस दिन शहादत से लोगों का सीना चौड़ा दिख रहा था। सूरज की एक झलक पाने को सभी बेचैन थे। परिवार में पिता विनोद सिंह, पत्नी शालू, भाई व मां इस आस में हैं कि राज्य सरकार शहीद के परिवार को आर्थिक सहायता उपलब्ध कराएगी, लेकिन अब तक सूबे की सरकार से कोई सहायता नहीं मिली। वहीं दिल्ली सरकार ने शहीद जवानों को एक करोड़ रुपया सहायता प्रदान की है। शहीद सूरज के भाई प्रिंस सिंह ने बताया कि राज्य सरकार से सहयोग के लिए मुख्यमंत्री के अलावा अन्य जनप्रतिनिधियों से भी मुलाकात की गयी है। बैरिया के विधायक सुरेंद्र सिंह ने शहीद सूरज की स्मृति मे द्वार बनाने की घोषणा की थी। लेकिन अब तक कार्य शुरू नहीं हुआ। परिजनों ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से आर्थिक सहायता की गुहार लगाई। इस पर सीएम ने आश्वासन दिया कि मांगों पर गौर किया जाएगा और इसका निस्तारण किया जाएगा।