बलिया: गंगा नहाने गए जीजा और साले की डूबने से मौत, शादी में शामिल होने ससुराल आया था बीएसएफ जवान
शादी में शामिल होने बलिया स्थित ससुराल आए बीएसएफ जवान और उसके साले की रविवार को गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। इस हादसे से शादी की खुशियां मातम में बदल गईं।
विस्तार
शादी में शामिल होने ससुराल आए युवक और उसके साले की रविवार को गंगा नदी में डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने गोताखोरों और इलाकाई लोगों की मदद से दोनों का शव बरामद किया। घटना उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की है। पश्चिम बंगाल के बर्धमान जिले के कुल्टी कस्बा निवासी 25 वर्षीय रितेश यादव बीएसएफ में तैनात था।
उनकी तैनाती इन दिनों राजस्थान के जैसलमेर में थी। उनकी सदर कोतवाली क्षेत्र के मुहम्मदपुर गांव में ससुराल है। करीब 10 दिन पहले ही वह अपनी पत्नी अन्नू देवी व डेढ़ साल के पुत्र के साथ अपने ससुराल शादी में शामिल होने आया था। रविवार की सुबह करीब नौ बजे रितेश अपने साले हरिओम यादव (18) के साथ श्रीरामपुर घाट पर स्नान करने के लिए गया।
स्नान के दौरान अचानक दोनों गहरे पानी चले गये और दोनों डूबने लगे। यह देख आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें बचाने की कोशिश की लेकिन दोनों को बचाया नहीं जा सका। दोनों के डूबने की खबर ससुरालीजनों और पुलिस को दी गई। शहर कोतवाली के बिचला घाट चौकी प्रभारी रमाशंकर दल बल के साथ मौके पर पहुंच गए।
मल्लाहों व युवक के सहयोग से गंगा नदी में दोनों की तलाश की गई तो पहले साला हरिओम का शव फिर जीजा रितेश का शव बरामद हुआ। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पंचनामा करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। बता दें कि हरिओम प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहा था। इस घटना से परिजनों ंका रो-रोकर बुरा हाल हो गया है। शादी की जगह घर में मातम का माहौल हो गया। हरिओम के बड़े भाई की शादी एक सप्ताह पहले थी।
कुंड में नहाते समय युवक डूबा, मौत
सहतवार थाना क्षेत्र के ग्राम सभा कोलकला कुंड में रविवार की दोपहर डूबने से एक युवक की मौत हो गई। गांव वालों ने जाल लगाकर किसी तरह युवक के शव को बाहर निकाला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया ।
कोलकला निवासी पतरु राम (25) पुत्र बैजनाथ राम टीएस बंधा के पास स्थित कोलकला कुंड में नहा रहा था। इसी बीच उसका पैर अचानक फिसल गया जिससे वह गहरे पानी में चला गया। उधर से गुजर रहे लोग जब उसको डूबते हुए देखा तो शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर आसपास के लोग दौड़ कर आए और पानी में उसे खोजने लगे। लेकिन वह नहीं मिला। इसके बाद गांव के लोगों ने जाल लगाकर बड़ी मशक्कत के बाद उसके शव को बाहर निकाला।
विवाहिता ने पुत्री संग गंगा में लगाई छलांग
दुबहर थाना क्षेत्र स्थित जनेश्वर मिश्रा सेतु से एक विवाहिता ने अपनी तीन वर्षीय पुत्री के साथ गंगा नदी में छलांग लगा दी। शोर सुनकर के आसपास के लोग एवं पुल पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने मल्लाहों की सहायता से नदी में डूब रही महिला व उसकी पुत्री को बाहर निकाला। पुलिस महिला व उसकी पुत्री को दुबहर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर प्राथमिक इलाज कराने के बाद थाने ले आई।
सहतवार थाना क्षेत्र के वार्ड नंबर एक की बेबी शर्मा (25) पत्नी परमात्मा शर्मा घर के विवाद के कारण अपनी तीन वर्षीय पुत्री को लेकर सहतवार से जनेश्वर मिश्रा सेतु पुल पर रविवार की दोपहर पहुंची और गंगा नदी में छलांग लगा दी। उसे डूबता देख आसपास के लोग व पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए मल्लाहों के सहयोग से नदी से दोनों को बाहर निकाला। उसका प्राथमिक उपचार कराकर पुलिस थाने ले आई। तत्पश्चात उसके परिजनों को सूचना दी। सूचना पाकर तत्काल घटनास्थल के तरफ पर दुबहर थानाध्यक्ष अनिल चंद तिवारी पुलिस बल के साथ पहुंचे।