बलिया। कोरोना संक्रमण की रफ्तार ज्यों-ज्यों कम हो रही है, सरकार भी बंदिशों में धीरे छूट को बढ़ा रही है। करीब डेढ़ माह तक बंदी के बाद एक बार फिर मॉल और रेस्टोरेंट सोमवार को खुल गए। नए आदेश के मुताबिक रेस्टोरेंट में एक साथ 50 फीसदी लोगों को ही जाने की इजाजत है। वहीं इस दौरान लोगों को कोरोना के नियमों का उचित ध्यान रखना होगा। रेस्टोरेंट में ग्राहकों को एक सीट छोड़कर बैठने का निर्देश है।
उधर, सोमवार को बाजार जब पूरी तरह अनलॉक हुआ तो खरीदारों की भीड़ इस कदर उमड़ी कि पूरा शहर से पैक हो गया और जगह-जगह जाम लग गया। जाम के कारण लोगों को घंटो दुश्वारियां झेलनी पड़ी। आलम यह रहा कि एनएच 31 पर चित्तू पांडेय चौराहा से एक तरफ चंद्रशेखर नगर तक करीब एक किमी तो दूसरी तरफ मालगोदाम तक एक किमी लंबा जाम लग गया। इसके अलावा ओक्डेनगंज चौराहा, आर्यसमाज रोड, चौक, कासिम बाजार आदि चौराहा पूरी तरह पैक रहे और लोग घंटो जाम में फंसे रहे। प्रमुख मार्गों पर जाम होने के कारण पैदल व बाइक सवार किसी तरह गलियों के रास्ते होकर आते-जाते रहे।