UP: उमाशंकर सिंह के ठिकानों से डिजिटल साक्ष्य, बैंक लॉकर के कागजात, फाइलें ले गई आईटी टीम; जानें खास
UP News: बलिया जिले में बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के आवास सहित सभी ठिकानों पर तीन दिन तक आयकर विभाग का दस्ता जांच करता रहा। तीन दिन तक कार्रवाई के बाद चौथे दिन फार्म हाउस व प्लांट पर चहल-पहल दिखी।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
Ballia News: रसड़ा विधानसभा क्षेत्र से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह के ठिकानों पर तीन दिन तक जांच के बाद आयकर विभाग (आईटी) की टीम शुक्रवार को देर रात लौट गई। डिजिटल साक्ष्य, बैंक लॉकर के कागजात और वित्तीय लेनदेन की फाइलें आईटी टीम साथ ले गई है।
शनिवार को खनवर में विधायक के पैतृक गांव के फार्म हाउस व कार्यालयों पर चहल-पहल रही। पहले जैसे सब कुछ सामान्य दिखा। लोगों का आना जाना शुरू हो गया है। पूरे दिन शुभचिंतकों व क्षेत्रवासियों के आनाजाना लगा रहा।
इससे पहले बीते बुधवार को 10.30 बजे दिन में कमिश्नर व जॉइंट कमिश्नर के नेतृत्व में आईटी की टीम ने एक साथ बसपा विधायक के खनवर मोड़ स्थित छात्रशक्ति इंफ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड के प्लांट कार्यालय व फार्महाउस पर रेड किया। जिस समय टीम ने फार्महाउस व प्लांट में प्रवेश किया, उस समय कंपनी के निदेशक रमेश सिंह व 12 से ज्यादा कर्मचारी अंदर मौजूद थे। आयकर विभाग की टीम ने सर्व प्रथम सभी कर्मचारियों के मोबाइल फोन कब्जे में ले लिए। इसके बाद फार्महाउस के सभी कमरों में जाकर पत्रावली व कंप्यूटर खंगाले।
आवास पर पहुंचे समर्थक
निदेशक रमेश सिंह से भी कई घंटे तक कंप्यूटर के समीप बैठाकर प्रत्येक बिंदु पर विस्तृत पूछताछ की। कहां से कितनी धनराशि आई, कितनी धनराशि कहां-कहां भेजी गई। आईटी टीम ने रेड के दौरान स्टेट बैंक की नगरा शाखा में लगभग एक करोड़ रुपये जमा कराए, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। शनिवार को आवास पर पहुंच कर कुशल क्षेम पूछने वालों में पूर्व प्रमुख निर्भय प्रकाश, संतोष पाण्डेय, मुकेश सिंह सहित रसड़ा के दर्जनों लोग रहे।
मैंने हर स्तर पर जांच में किया सहयोग किया: निदेशक
छात्र शक्ति इंफ्रा इंफ्राकंस्ट्रक्शन लिमिटेड के निदेशक रमेश सिंह ने बताया कि जांच के दौरान आईटी टीम का भरपूर सहयोग किया। उनके हर सवाल का जवाब दिया। जांच के समय टीम में शामिल अधिकारियों का व्यवहार भी बेहतर रहा। अधिकारियों ने किसी तरह की किसी के साथ उत्पीड़न की कार्रवाई नहीं की। वहीं, आईटी टीम की कार्रवाई पर विधायक के पुत्र यूकेश सिंह ने सोशल साइट्स पर लिखा था कि हम सब जांच टीम का सहयोग कर रहे हैं। विधायक समय-समय पर दवा ले रहे हैं।
छात्र शक्ति सेवा संस्थान के माध्यम से होता है सामाजिक कार्य
विधायक उमाशंकर सिंह द्वारा जो भी सामाजिक कार्य कराया जाता है वह छात्र शक्ति सेवा संस्थान के माध्यम से होता है। गरीब बेटियों की शादी, दुर्घटना में घायल व मृत लोगों के परिजनों की मदद, गंभीर रूप से बीमार लोगों के इलाज की व्यवस्था सेवा संस्थान के माध्यम से होता है।
आईटी टीम की कार्रवाई पर सोशल मीडिया पर पोस्ट
विधायक उमाशंकर सिंह के आवास, फार्महाउस पर आईटी विभाग की कार्रवाई पर सोशल मीडिया पर लोग पोस्ट कर रहे। विधायक के विरोधी जैसी करनी, वैसी भरनी लिख रहे हैं। वहीं उनके समर्थक विरोधियों के खिलाफ पोस्ट कर रहे। समर्थक लिख रहे हैं कि छापे से विधायक डरेंगे नहीं क्योंकि वह सही रास्ते पर हैं।