निकल रहे थे आंसू, ढह रहा था आशियाना: UP के इस जिले में सरयू ने ढाया कहर, 80 मकान निशाने पर; मचा हाहाकार
Ballia News: बलिया में सरयू नदी का कहर जारी हो गया है। सोमवार को अधिकारियों ने मौका-मुआयना भी किया। पीड़ित परिवार अब अपना आशियाना भी खाली करने लगे हैं। सोमवार की सुबह ही एक किसान का मकान नदी की धारा में बह गया। पीड़ित किसान का परिवार अपनी आंखों के सामने ही घर को ढहते देखता रहा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बलिया के गोपालनगर टाड़ी में एक बार फिर सरयू नदी के तीव्र लहरों ने लोगों के आशियानों को निगलना शुरू कर दिया है। सोमवार की सुबह अचानक नदी की हलचल तेज हुई और तेज लहरों ने गर्जन के साथ मुसाफिर यादव का आशियाना नदी के मुख्यधारा में ले लिया। इससे बस्ती में भगदड़ मच गई। लोग अपने सामानों को समेटने में लग गए।
एसडीएम सुनील कुमार ने मौके का निरीक्षण किया। कटान के मुहाने पर रहने वाले लोगों के लिए पंचायत भवन व प्राथमिक विद्यालय में ठहरने की व्यवस्था करवाई। एसडीएम ने चेतावनी दी कि टाड़ी बस्ती में कोई नहीं रहेगा। वह अपना मकान खाली कर प्राइमरी स्कूल में चले जाएं।
मौजूदा समय में कटान के मुहाने पर रामखेलावन, हरेराम, राधेश्याम, अशोक, धर्मराज, रामविचार, बब्बन, शोभनाथ, शिवनारायण, बच्चा यादव, नागेश्वरी, परशुराम, दूधनाथ सहित करीब 80 परिवारों के मकान हैं। इनका मकान कभी भी नदी की तेज लहरों में समाहित हो सकता है।
पिछले वर्ष ही इस बस्ती में सरयू नदी के लहरों में 40 परिवारों का पक्का मकान व 20 परिवारों का झोपड़ी नुमा मकान समा गया था। वर्ष 2022 में 65 परिवारों का मकान नदी में समा चुका है। उक्त 65 परिवार में कुछ का तो अता-पता नहीं की वे कहां गए, लेकिन कुछ परिवार जैसे-तैसे रामबालक बाबा के पीछे बंधे पर गुजर बसर करने को विवश हैं। वर्ष 2023 में पक्के व झोपड़ी सहित कुल 60 परिवार कटान से बेघर हुए थे। इनके सापेक्ष महज सात लोगों को ही आवासीय पट्टे की भूमि पर बसाया गया है।
बोले अधिकारी
सरयू नदी के तेजी से बढ़ते जलस्तर एवं तीव्र वेग से ग्राम गोपालनगर टाड़ी के लगभग 80 घर प्रभावित हैं। सभी को चिह्नित कर लिया गया है। पीड़ितों की सूची बनाई जा रही है। तत्काल तट से दूर जाने के निर्देश दिए गए हैं। पंचायत भवन एवं प्राथमिक विद्यालय अपरिहार्य परिस्थितियों के लिए खुलवा दिया गया है। - सुनील कुमार, उपजिलाधिकारी, बैरिया
कटान को लेकर मुखर हुए सपाई, सौंपा ज्ञापन
सरयू नदी में जलस्तर बढ़ने से नदी किनारे के गांवों पर खतरा मंडरा रहा है। सोमवार सपा बांसडीह विधानसभा के अध्यक्ष उदय बहादुर सिंह की अगुवाई में बड़ी संख्या में सपा कार्यकर्ताओं ने तहसील में उपजिलाधिकारी अभिषेक प्रियदर्शी को ज्ञापन सौंपा।
सपा कार्यकर्ताओं ने एसडीएम को बताया कि बांसडीह में रामपुर नंबरी, रेगहां, चितबिसाव खुर्द, सुल्तानपुर, मलाहीचक, टिकुलिया दियर, भोजपुरवा, महाराजपुर व चांदपुर पुरानी बस्ती की जमीन अब नदी में समाहित होने के कगार पर है। कहा कि इन स्थानों पर तत्काल रैम्प अथवा ठोकर निर्माण कराया जाए। इस दौरान सपा नेता रंजीत चौधरी, चेयरमैन सुनील सिंह, फागू यादव, अशोक यादव आदि उपस्थित रहे।