सिकंदरपुर। थाना क्षेत्र के सिवानकला गांव के नेमा के टोला में मंगलवार की सुबह छठ पूजा के दौरान हादसा हो गया। पूजा के दौरान सजावट के लिए लगाए गए बांस के खंभे के गिर जाने से करंट से पांच लोग झुलस गए। घटना में झुलसीं लीलावती (36) पत्नी जेपी राजभर, विक्की (16) पुत्र सत्यनारायण, छोटी (19) पुत्री सोनू राजभर, रानी (12) पुत्री अजय राजभर और सोनम (12) पुत्री सुनील राजभर नेमा के टोला के ही निवासी हैं।
नेमा टोला स्थित छठ घाट पर सोमवार की शाम से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटने लगी थी। घाट को आकर्षक बनाने के लिए बांस के खंभों पर रंग-बिरंगी डेकोरेशन लाइट और गुब्बारे लगाए गए थे। मंगलवार की सुबह जब अर्घ्य देने के लिए श्रद्धालु घाट पर पहुंचे, तभी कुछ बच्चे बांस के खंभे पर लगे गुब्बारे तोड़ने लगे। इसी दौरान बांस का खंभा, जिससे लाइट का तार बंधा था, गिर गया। इससे करंट फैल गया और पांच लोग उसकी चपेट में आ गए। घटना के बाद छठ घाट पर अफरा-तफरी मच गई। लोग चिल्लाने लगे। एक युवक ने सूझबूझ का परिचय देते हुए गमछे की मदद से करंट वाले तार को अलग किया, जिससे स्थिति नियंत्रण में आई। लोगों ने तत्काल घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सिकंदरपुर पहुंचाया। चिकित्सक अबुल तल्हा ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी को खतरे से बाहर बताया। बाद में घायलों को घर भेज दिया गया।