मंदिरों में चोरी गिरोह का खुलासा: पुजारी के हाथ- पैर बांधकर लूटे थे आभूषण, बिहार के पांच बदमाश गिरफ्तार
बलिया जिले की पुलिस ने मंदिरों में लूट करने वाले बिहार के पांच बदमाशों को गिरफ्तार किया। वहीं दो बदमाश पुलिस मुठभेड़ में घायल हो गए हैं। बदमाशों ने लखनेश्वर डीह मंदिर के पुजारी को बंधक बनाकर चांदी का नाग और छतरी लूट लिया था।
विस्तार
मंदिरों को निशाना बनाकर चांदी के आभूषण लूटने वाले बिहार के पांच बदमाशों को रसड़ा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। शुक्रवार देर रात चेकिंग के दौरान बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार सवार बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में दो बदमाशों के पैर में गोली लगी। पुलिस ने तीन अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया। इनके कब्जे से मंदिरों से लूटे गए चांदी के आभूषणों को गलाकर तैयार की गई 300 ग्राम चांदी, दो तमंचे, कारतूस और चोरी में इस्तेमाल होने वाले औजार बरामद हुए हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश शुक्ल ने बताया कि शुक्रवार रात लखनेश्वर डीह मंदिर से आमघाट जाने वाले मार्ग पर रसड़ा पुलिस चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की इनोवा कार आती दिखाई दी। पुलिस ने रुकने का इशारा किया तो चालक कार रोकने के बजाय भागने लगा।
पुलिस टीम ने पीछा किया तो खुद को घिरता देख कार सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के जिशान आलम (42) और चंद्रशेखर कुमार (38) के पैर में गोली लगी। दोनों को गिरफ्तार कर सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुजारी के हाथ-पैर बांधकर लूटे थे आभूषण
पूछताछ में सामने आया कि आरोपियों ने 30 अक्तूबर की रात लखनेश्वर डीह स्थित शिव मंदिर में पुजारी को डराकर-धमकाकर उनके हाथ-पैर बांध दिए थे। इसके बाद शिवलिंग पर चढ़ा चांदी का नाग और नाग बाबा के ऊपर लगी चांदी की छतरी लूट ली थी। इतना ही नहीं, 11 अक्तूबर की रात गाजीपुर के कासिमाबाद थाना क्षेत्र स्थित पंच मंदिर से राधा-कृष्ण की मूर्तियों का मुकुट भी चोरी किया था। पुलिस के मुताबिक, लूटे गए आभूषणों को आरोपियों ने गलाकर चांदी बना दिया था। बरामद 300 ग्राम चांदी इसी से संबंधित बताई जा रही है।
गिरफ्तार आरोपियों में जिशान आलम और चंद्रशेखर कुमार के अलावा सूरज पासवान, चंद्रशेखर कुमार और बाला लखन्दर कुमार शामिल हैं। सभी बिहार के पूर्वी चंपारण जिले के अलग-अलग थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। पुलिस ने इनके पास से दो तमंचे, दो खोखा कारतूस, दो जिंदा कारतूस, लोहे की रॉड, प्लास, पेचकस और टेप भी बरामद किया है।
कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विश्वनाथ यादव, थानाध्यक्ष कौशल पाठक और स्वाट टीम प्रभारी अजय साहनी की टीम शामिल रही। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और दूसरी वारदातों के संबंध में जानकारी जुटा रही है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है।