रेवती। क्षेत्र के सरयू नदी के उत्तर स्थित दियारांचल के दो स्थानों पर सोमवार की दोपहर में अज्ञात कारण से लगी आग में 150 बीघे खेत में गेहूं की खड़ी फसल के साथ मड़ाई के बाद रखा अनाज जलकर राख हो गया। दियारा के पश्चिमी छोर पर के खेतों में लगी आग पछुआ हवाओं का शह पाकर पूर्वी छोर तक फैलती जा रही थी, लेकिन खेतों में स्थित किसान आग के सामने बेबस थे।
रेवती थाना क्षेत्र के भोजछपरा गांव के सामने स्थित 64 बंधा और दतहां गांव के उत्तर सरयू नदी के उस पार अज्ञात कारणों से आग लग गई। धीरा छपरा के भजुराम सिंह का 15 बीघा, भोला सिंह 10 बीघा, जमुना सिंह का 10 बीघा, हड़िहां कला निवासी परशुराम चौधरी का 10 बीघा, दतहां के रूदल यादव का 14 बीघा, रामाशंकर यादव का 10 बीघा, धनजी यादव का 6 बीघा, उमेश यादव का 4 बीघा, गणेश यादव, विजय यादव के अलावा रामपुर मसरिक, तिलापुर, दतहां, छपरा सारीव, असमानपुर, भैंसहा, लमुही आदि गांवों के दर्जनों किसानों की फसल आग की चपेट में आने से राख हो गई। उधर रामपुर मशरिक के किसान जगदम्बा यादव, भरत, झूलन, भूलन, शिवकुमार, गिरिजा, कन्हैया, बनारस, शिवशंकर, मन्तोष, प्रभु, दतहां के किसान रामधनी, जटा यादव, धनजी, रमाशंकर, दिनेश आदि की भी गेहूं की फसल के साथ थ्रेसिंग के बाद रखा अनाज आग की भेंट चढ़ गया।