बलिया। मानसून आने से पहले ही जलभराव की समस्या से निबटने के लिए नगर पालिका प्रशासन नालों की सफाई करा रहा है। नगर पालिका परिषद की ओर से लाक डाउन के प्रथम चरण में ही यह कार्य शुरू करा दिया गया। नगर 25 नालों में से 15 की सफाई हो चुकी है जबकि 15 नालों की सफाई का कार्य अंतिम चरण में है। सफाई के लिए एक करोड़ चार में निविदा दी गई थी।
नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी दिनेश कुमार विश्वकर्मा ने बताया कि नाला सफाई के दौरान संबधित ठेकेदार द्वारा कोताही ना हो इसके लिए समय-समय पर नगर पालिका के अधिकारियों के अतिरिक्त जिला प्रशासन के आला अधिकारी भी मौका मुआयना करते रहते हैं। इसी क्रम में शनिवार को ज्वाठंट मजिस्ट्रेट विपिन जैन ने नगर के महुआ मोड़, चित्तू पांडेय चौराहा, जापलिनगंज, एसी कालेज चौराहा, भृगुआश्रम, कदम चौराहा, अमृतपाली, चौक, दालपट्टी, दुर्गामंदिर, सुतरपट्टी आदि इलाकों में नाला सफाई कार्य का जायजा लिया। उन्होंने बताया कि मानसून के दौरान होने वाली बरसात और उससे जलजमाव की समस्या का समाधान करने के लिए नपा प्रशासन द्वारा युद्ध स्तर पर कार्य कराया जा रहा है। साथ ही बारिश के दौरान आने वाली समस्याओं से बचाव के लिए जरूरी उपाय भी किए जा रहे हैं। बताया कि नगर में ऐसा कोई सरकारी या गैर सरकारी मकान नहीं है, जो खंडहर में तब्दील हो और उनके बरसात में गिरने की संभावना हो। बावजूद इसके एहतियातन नगर क्षेत्र में रैपिड सर्वे कराया जा रहा है, ताकि चूक की कोई गुंजाइश ना बचे।