बैरिया। तीन सप्ताह तक चले धनुषयज्ञ मेले के अंतिम दिन मेलार्थियों की जबरदस्त भीड़ ने इतिहास कायम किया। सोमवार को क्षेत्रीय लोगों ने मेले में पहुंचकर जरूरी और शादी-विवाह से संबंधित सामग्रियों की जमकर खरीदारी की। सर्दी और गलन के बावजूद गत एक सप्ताह से धनुषयज्ञ मेला में जबरदस्त भीड़ हो रही है।
अगहन सुदी पंचमी को शुरू हुआ ऐतिहासिक सुदिष्ट बाबा धनुष यज्ञ मेले के अंतिम दिन मेलार्थियों से लेकर व्यापारियों तक मेला समाप्त होने का मलाल दिखा। ट्रेनों, बसों व अन्य सवारी वाहनों से पहुंचे पुरूष, महिलाएं व बच्चे शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए मेला परिसर पहुंचे। मंगलवार को मौसम खुशगवार होने से भारी संख्या में मेलार्थियों का रेला लगा रहा। मेलार्थियों ने जमकर खरीदारी भी की। कोई आम-अमरूद के पौधे खरीदने में व्यस्त था तो कोई गरम कपड़े खरीद रहा था। इससे दुकानदारों के चेहरे भी खिल उठे। मेले में लकड़ी से लेकर लोहे, पीतल व स्टील तक के सामान उपलब्ध थे। आखिरी समय में इन सामानों की बिक्री काफी बढ़ गई है। यहां गृहणियों के पसन्द की भी ज्यादा सामग्री मिल रही थीं। चौकी-बेलन, कठवत, हसुआ-खुरपी, कुदाल की खरीदारी हुई। मेला अध्यक्ष रोशन गुप्ता ने सकुशलता पूर्वक मेला सम्पन्न होने पर क्षेत्रवासियों के साथ ही तहसील व पुलिस प्रशासन के प्रति आभार व्यक्त किया।