रसड़ा से बसपा विधायक उमाशंकर सिंह को विधानसभा में बसपा विधायक दल का नेता बनाया गया है। बसपा अध्यक्ष एवं पूर्व सीएम मायावती ने इसकी घोषणा की है। उधर, रसड़ा विधायक उमाशंकर सिंह को नई जिम्मेदारी मिलने से पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ ही समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई।
विधानसभा में विधायक दल के नेता के रूप में काम संभालने वाले आजमगढ़ के मुबारकपुर से विधायक शाह आलम उर्फ गुड्डू जमाली ने एक दिन पहले इस पद और पार्टी से इस्तीफा दे दिया था। खाली हुए पद पर बसपा सुप्रीमो की ओर से रसड़ा विधायक को सौंपने की घोषणा की गई है। इससे विधायक के समर्थकों में खुशी का माहौल है। उमाशंकर सिंह रसड़ा से लगातार दूसरी विधायक हैं। शुक्रवार को समर्थकों ने एक दूसरे को मिष्ठान खिलाकर खुशी का इजहार किया। विधायक उमाशंकर सिंह ने कहा पार्टी ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। उस जिम्मेदारी का ईमानदारी पूर्वक निर्वहन करने का प्रयास करूंगा। लोकतंत्र में पक्ष और विपक्ष की भूमिका महत्वपूर्ण होती है। समय कम है लेकिन सरकार की कमियों को जनता के बीच में पुरजोर तरीके से रखूंगा। पार्टी छोड़ कर जाने वालों पर कहा कि पहले से ही पार्टी से निष्कासित नेता दूसरी पार्टियों में जा रहे हैं। खुशी जताने वालों में सतीश सिंह, अश्वनी कुमार, इनल सिंह, निर्भय सिंह, पिंकी सिंह, बबलू सिंह, सचिन्द्र सिंह, इंद्रजीत सिंह आदि रहे।