बेल्थरारोड। क्षेत्र के सोनाडीह स्थित भागेश्वरी परमेश्वरी मंदिर परिसर के 52 बीघा भूभाग पर गधे और खच्चर का मेला लग गया है। पितृपक्ष में लगने वाले मेले में दूरदराज से आए खरीद-फरोख्त करने वाले लोगों का जमावड़ा लगा हुआ है।
मेले में लखनऊ, बाराबंकी, गोरखपुर, मऊ, आजमगढ़, देवरिया, बलिया, अलीगढ़, वाराणसी, प्रयागराज के अलावा बिहार के व्यापारी आए हुए हैं। खरीद बेच करने वालों का मेले में आने का क्रम जारी है। मंगलवार को मेले में बलिया के उपेंद्र कन्नौजिया के गधे की कीमत 80500 रुपये लगाई गई। इसे देवरिया के बरडीहा गांव निवासी शैलेंद्र ने खरीदा। मेले में गधा और खच्चर की कीमत उसके साइज और क्वालिटी के हिसाब से लगाई जाती है। मेले में पशु व्यापारियों के जमावड़े से क्षेत्र गुलजार हो गया है।
मेला स्थल पहुंचने वाले मार्गों पर चहल-पहल बढ़ गई है। तीन दशक से अधिक समय से चलने वाले इस मेले में प्रशासन की ओर से खरीद-फरोख्त करने वालों की सुविधा के लिए कोई पुख्ता इंतजाम नहीं किए गए हैं। पशु व्यापारियों के खाने पीने व ठहरने की कोई माकूल व्यवस्था नहीं है। इसके बावजूद भी मेले में लोगों की भीड़ जुट रही है। यह मेला पितृ विसर्जन तक चलेगा।