बांसडीह। कोतवाली के विद्याभवन नारायणपुर गांव में मंगलवार की देर शाम युवाओं ने ‘एक शाम शहीदों के नाम’ कार्यक्रम आयोजित किया। कार्यक्रम के जरिए उरी हमले में शहीद हुए गांव निवासी शहीद विजेंद्र सिंह को तीसरी पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि दी गई। इस दौरार जनपद के समस्त शहीद परिवारों के परिजन व भूतपूर्व सैनिकों को सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने कहा कि देश की सरहद पर भारतीय सेना जिस तन्मयता से चौकसी बरतते हुए सुरक्षा देती है। उन सैनिकों पर हम भारतीय हमेशा गर्व करते हैं। वहीं सरहद पर ड्यूटी के दौरान जांबाज बागी धरती के लाल विजेंद्र शहीद हो गए। देश हित में हम अच्छी सोच रखें, यही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि होगी। भूतपूर्व सैनिक संगठन के सूबेदार अखिलेश्वर सिंह, उमाशंकर सिंह, राजेंद्र प्रसाद, विजय शंकर सिंह, सूबेदार अब्दुल रफीक, तेज बहादुर राय, अनिल पाठक, जहीर अहमद, मोती लाल यादव के परिवारों को सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि लेफ्टिनेंट कर्नल एसएन रॉय, व कर्नल डीएस मालिक ने शहीद बृजेंद्र बहादुर सिंह के पिता अशोक सिंह को भी अंगवस्त्र से सम्मानित किया। वहीँ बंटी वर्मा व चिंटू सेवक, प्रज्ज्वल मिश्रा व प्रतियुश मिश्रा ने शानदार प्रस्तुति से सबका मन मोह लिया। इस मौके पर नीरज सिंह गुड्डू, केतकी सिंह, हरेंद्र सिंह, गोपाल सिंह, इंस्पेक्टर गगन राज सिंह, बृजनाथ सिंह, राघवेंद्र प्रताप सिंह, कनक पांडेय, सुनील सिंह, बबुआ, अश्वनी सिंह लिटिल आदि उपस्थित रहे।