एनकाउंटर में बदमाश घायल: गहने साफ करने के बहाने महिलाओं को बनाते थे निशाना, पैर में लगी गोली; गिरफ्तार
बलिया में पुलिस मुठभेड़ के दौरान गहने साफ करने के बहाने महिलाओं को निशाना बनाने वाला बदमाश घायल होकर गिरफ्तार हो गया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसके पैर में गोली लगी। पुलिस के अनुसार आरोपी महिलाओं को गहने साफ करने का झांसा देकर उनका सामान लेकर फरार हो जाता था। घायल बदमाश को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया।
विस्तार
गांव-गांव घूमकर महिलाओं के गहने और पुराने पीतल के बर्तन साफ करने के बहाने आभूषण चोरी करने वाले दो आरोपितों को भीमपुरा पुलिस ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में एक आरोपित के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल को उपचार के लिए सीएचसी नगरा में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से तमंचा, कारतूस, चोरी के आभूषण, नकदी और बाइक बरामद की है।
अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार ने बताया कि अपराध और अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 27 अगस्त की रात करीब 11:40 बजे भीमपुरा पुलिस इब्राहिम पट्टी-उद्धरन मार्ग पर रात्रि गश्त और चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि गहने साफ करने के बहाने चोरी करने वाले गिरोह के सदस्य प्रेमरजा गांव के पास मौजूद हैं।
सूचना पर पुलिस टीम ने घेराबंदी की। पुलिस के मुताबिक, खुद को घिरता देख एक आरोपित ने पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायर कर दिया। जवाबी कार्रवाई में अरविन्द सोनी (42) निवासी वार्ड नंबर 12 पंचवीर, थाना साहेबपुर कमाल, जिला बेगूसराय, बिहार के दाहिने पैर में गोली लगी। उसे पुलिस ने तत्काल सीएचसी नगरा पहुंचाया, जहां उसकी हालत सामान्य बताई गई। वहीं मौके से उसके साथी पंकज सोनी (19) को गिरफ्तार कर लिया गया।
पूछताछ में पुलिस को पता चला कि दोनों आरोपितों ने 21 और 24 अगस्त को गांवों में घूमकर महिलाओं के गहने और पुराने पीतल के बर्तन साफ करने का झांसा दिया था। इसी दौरान महिलाओं के आभूषण चोरी किए गए।
पुलिस ने आरोपितों के पास से .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस, पीली धातु के तीन आभूषण, 15,600 रुपये नकद और एक बाइक बरामद की है। पुलिस ने दोनों के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर अग्रिम विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।