बेल्थरारोड। उभांव थाना क्षेत्र के उभांव ग्राम में बीते गुरुवार की रात बारात के आर्केस्ट्रा कार्यक्रम में हुई फायरिंग और मारपीट की घटना के एक और आरोपी को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। कुल नौ नामजद में तीन को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।
हालांकि, फायरिंग की घटना का मुख्य आरोपी अभी तक पुलिस की पकड़ से दूर है। मुख्य आरोपी को पकड़ने के लिए पुलिस द्वारा संभावित स्थानों पर दबिश की कार्रवाई जारी है। उभांव थानाध्यक्ष राजेश कुमार सिंह ने बताया कि गत गुरुवार को शरारती तत्वों ने बारात के आर्केस्ट्रा कार्यक्रम के दौरान फायरिंग, पथराव और मारपीट की घटना को अंजाम दिया। इस मामले में इंद्रासन राजभर की तहरीर पर पुलिस ने नौ नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करने के बाद चार अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया, जबकि अन्य आरोपियों की तलाश चल रही है।