बलिया। गांव की साफ-सफाई को लेकर डीपीआरओ की ओर से लगातार कार्रवाई की जा रही है। खासकर सफाई कर्मचारियों के पेंच कसने का कार्य जारी है। डीपीआरओ ने सोमवार को मुरली छपरा ब्लॉक में तैनात सफाई कर्मी को निलंबित कर दिया वहीं, गलत तरीके से सफाईकर्मी का पेरोल भेजने पर एडीओ पंचायत सोहांव से स्पष्टीकरण मांगा है।
डीपीआरओ ने सोमवार को मुरली छपरा ब्लॉक के ग्राम पंचायत खवासपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान पंचायत के रास्ते व नाली में कूड़े करकट का ढेर लगा हुआ मिला। ग्रामीणों ने बताया कि गांव में तैनात सफाईकर्मी विमलेश कुमार द्वारा कभी साफ सफाई नहीं की जाती है। डीपीआरओ ने इस मामले में विमलेश कुमार को निलंबित कर दिया। डीपीआरओ ने निलंबित कर्मी को सहायक विकास अधिकारी पंचायत बैरिया से संबद्ध कर दिया। उधर, सोहांव ब्लॉक के सहायक विकास अधिकारी पंचायत को पत्र भेजकर बताया है कि ब्लॉक के ग्राम पंचायत अमांव में तैनात सफाईकर्मी कमला यादव द्वारा ग्राम पंचायत में उपस्थित होकर साफ सफाई का कार्य नहीं किया जाता है। इसके कारण उनके पेरोल पर ग्राम प्रधान द्वारा हस्ताक्षर नहीं किया जाता है, लेकिन आपके द्वारा कार्यालय में सफाई कर्मचारियों का मई एवं जून का पेरोल उपलब्ध कराया गया है। उसमें अमांव में तैनात कमला यादव का भी नाम है। इससे स्पष्ट हो रहा है कि आप द्वारा मिलीभगत कर पेरोल जिला मुख्यालय भेजने का कार्य किया जाता है। किस आधार पर बिना प्रधान के हस्ताक्षर के पेरोल जिला मुख्यालय पर भेजा गया है, तीन दिनों के अंदर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।