यूपी: कैबिनेट मंत्री ने शांति के प्रतीक के रूप में छोड़े कबूतर और गुब्बारे
उत्तर प्रदेश के बलिया जिले में 72वां गणतंत्र दिवस पर पुलिस लाइन परेड ग्राउंड में मुख्य अतिथि कैबीनेट मंत्री अनिल राजभर ने झंडारोहण किया और शांति प्रतीक के रूप में कबूतर और गुब्बारे छोड़े। इसके बाद उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों, सेनानियों, पेंशनर्स व सैनिक विधवाओं को मेडल व प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
पुलिस लाइन ग्राउंड में मुख्य अतिथि ने ध्वजारोहण करने के बाद परेड की सलामी ली। इस दौरान पुलिस बैंड ने शानदार तरीके से राष्ट्रगान बजाया। वहीं पानी की तीन रंग की बौछार अपने आप में छठा बिखेर रही थी। पुलिस परेड ग्राउंड को पुलिसकर्मियों द्वारा आकर्षित ढंग से सजाया गया था, जो बरबस ही लोगों को अपनी ओर आकर्षित कर ले रही थी। विभिन्न विद्यालयों से आए छात्र-छात्राओं ने रंगारंग कार्यक्रम प्रस्तुत कर दर्शकों के अंदर देश भक्ति का जोश भरते हुए ताली बजाने के लिए मजबूर कर दिया।
प्रभारी मंत्री ने आजादी की लड़ाई व देश की रक्षा में शहीद मां भारती के वीर सपूतों के प्रति श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि गणतंत्र दिवस पर शानदार परेड देख हर किसी के मन में राष्ट्रप्रेम की भावना जागृत होती है। आवाह्न किया कि हर कोई अपने कर्तव्यों का निर्वहन करे, जिस क्षेत्र में हों अपना बेहतर योगदान दें, तभी हमारा भारत सशक्त भारत बनेगा।
अंत में प्रशासन व पुलिस के अधिकारियों संग पूरे जनपदवासियों को शुभकामनाएं दी। इससे पहले पुलिस अधीक्षक डॉ. विपिन ताडा ने पुलिसकर्मियों को शपथ दिलाई। इस मौके पर विधायक धनंजय कनौजिया, डीएम श्रीहरि प्रताप शाही, सीडीओ विपिन जैन, सीजेएम रमेश कुशवाहा व अन्य न्यायिक अधिकारी, भाजपा जिलाध्यक्ष जयप्रकाश साहू, एएसपी संजय कुमार, सीओ सिटी एके सिंह आदि रहे।
जवानों की आवासीय सुविधा होगी सुदृढ़
पुलिस लाइन में प्रभारी मंत्री अनिल राजभर ने कहा कि सरकार ने जवानों के रहने की मुकम्मल व्यवस्था, स्वच्छ पेयजल समेत अन्य जरूरी सुविधाएं बेहतर बनाने के प्रति कटिबद्ध है। उन्होंने घोषणा की कि पुलिस के जवानों की आवासीय सुविधा को सुदृढ़ किया जाएगा। यहां भी काफी पुराने आवास हैं, उनकी जगह पर नया भवन बनेगा। पीने के पानी के लिए नया आरओ प्लांट लगवाएंगे।