बलिया में दूसरे दिन भी गरजा बुलडोजर : हटाया गया अतिक्रमण, आठ लोगों को दी गई नोटिस; जुर्माना भी वसूला
Ballia News : बलिया के शहरी इलाके में पटरी पर लगे ठेले और खोमचों को हटवाया गया। अतिक्रमणकारियों को यह चेतावनी दी गई कि अपने निजी भूमि पर ही दुकान लगाकर व्यापार करें। दूसरे चरण में चित्तू पाण्डेय चौराहा से मालगोदाम तिराहा तक भी सड़क के दोनों तरफ पटरी पर किए गए अस्थाई अवैध अतिक्रमण को अर्थदंड लगाते हुए हटवाया गया।
विस्तार
बलिया शहर के टीडी काॅलेज और चित्तू पांडेय चौराहा से मालगोदाम चौराहा तक सोमवार को अतिक्रमणकारियों के खिलाफ नगर पालिका का बुलडोजर चला। इस दौरान कार्रवाई के नाम पर सड़क पर रखी निर्माण सामग्री, पानी की टंकी को कब्जे में लिया गया। दुकानों के आगे प्रचार के लिए रखे होर्डिंग्स आदि तोड़ दिए गए।
टीडी कालेज चौराहा स्थित एक होटल द्वारा बाहर जनरेटर रखा गया था, उसे हटाने का निर्देश दिया। इस दौरान पांच दुकानदारों से जुर्माने के रूप में नपा कर्मचारियों ने 8500 रुपये वसूले। सात दुकानदारों व एक होटल संचालक को नोटिस थमाया। कार्रवाई के दौरान कई स्थानों पर दुकानदारों व नपा कर्मचारियों में कहासुनी हुई। सुरक्षा को लेकर भारी पुलिस फोर्स मौजूद रही। ईओ सुभाष कुमार ने सड़क से दो मीटर छोड़कर वाहन खड़े करने का निर्देश दुकानदारों को दिया।
जिला और नगर पालिका प्रशासन की संयुक्त टीम द्वारा दूसरे दिन अभियान चला कर अतिक्रमण हटाया गया। अभियान के प्रथम चरण में टीडी कालेज चौराहा से फ्लाईओवर तक सड़क के दोनों तरफ पटरी पर किए गए अस्थाई अवैध अतिक्रमण को अर्थदंड लगाते हुए हटवाया।
पटरी पर खड़े वाहनों का चालान पुलिस प्रशासन ने किया और हटवाया। अभियान के दौरान नगर पालिका परिषद की ओर से पांच दुकानदारों से 8500 की वसूली की गई और सात दुकानदारों तथा एक होटल को नोटिस दी गई। सड़कों पर खड़े ठेला, खोमचा वाले अतिक्रमण दस्ता को देख गलियों में भाग खड़े हुए।
अभियान के दौरान प्रशिक्षु डिप्टी कलेक्टर कृष्णकान्त, अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार, नायब तहसीलदार प्रदीप यादव, जेई नीरज कुमार, जेई शशि प्रकाश, सफाई एवं खाद्य निरीक्षक अहमद नदीम, लिपिक अभिनव कुमार, वाहन प्रभारी प्रवीण कुमार, भारत भूषण, अनिल राम आदि शामिल रहे।
दुकानों के आगे लागाए नो पार्किग जोन का स्टीकर
नपा अधिशासी अधिकारी सुभाष कुमार ने अतिक्रमण हटाने के दौरान दुकानदारों को चेतावनी दी की अपने निजी भूमि पर ही दुकान लगाकर अपना व्यापार करें। दुकान के आगे नो पार्किंग जोन का नोटिस लगाने और वाहनों को सड़क से कम से कम दो मीटर छोड़कर ही पार्किंग करने के लिए अपील की। अपील के अनुपालन में कुछ दुकानदारों द्वारा तत्काल नो पार्किंग जोन का स्टीकर लगाया गया।
होटल के बाहर रहे जनरेटर पर काटा जुर्माना
नगर पालिका व जिला प्रशासन की संयुक्त टीम ने सुबह 11 बजे टीडी काॅलेज से अतिक्रमण हटाने का काम शुरू किया। कर्मियों ने होटल के बाहर रहे जनरेटर पर जुर्माना काट कर नोटिस थमा दिया और जल्द न हटाने पर कब्जा में लेेने की चेतावनी दी। पटरी पर ठेला व दुकानों द्वारा किए गए अतिक्रमण को हटाया, सिविल लाइन चौकी के पास के दुकानों के आगे प्रचार सामग्री को उखाड़ कर कब्जा में ले लिया।
अभियान को लेकर दुकानदारों में अफरातफरी मच गई। स्टेशन मालगोदाम रोड में दुकानदार द्वारा रखी गई पानी की टंकी सहित अन्य सामान को कर्मचारियों ने रख लिया। पूर्व चेतावनी को लेकर कर्मचारी चित्तू पांडेय से स्टेशन रोड होते मालगोदाम तक अतिक्रमण को हटाया। इंदू मार्केट के सामने खड़े वाहन मालिक बुलडोजर देख अपनी-अपनी गाड़ी लेकर भाग खड़े हुए।