Bulldozer Action: आजमगढ़ में तीसरे दिन भी गरजा बुलडोजर, 115 लोगों को दी गई थी नोटिस; पुलिस रही तैनात
Azamgarh News: जिले के फूलपुर में रेलवे स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाने का अभियान तीसरे दिन भी जारी रहा। 115 लोगों को नोटिस देने के बाद पीडब्ल्यूडी ने पुलिस बल की मौजूदगी में बुलडोजर चलाकर कई मकान और दुकानों को ध्वस्त कराया। प्रशासन ने सड़क चौड़ीकरण और सरकारी भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराने की कार्रवाई आगे भी जारी रहने की बात कही।
विस्तार
UP News: लखनऊ-बलिया मुख्य मार्ग स्थित रेलवे स्टेशन रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शनिवार को तीसरे दिन भी पूरे सख्त तेवर के साथ जारी रहा। लोक निर्माण विभाग की ओर से जेसीबी और बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बने कई आवासीय निर्माण और दुकानों को हटाया गया। लगातार तीसरे दिन चली कार्रवाई से क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल रहा। कई लोगों ने प्रशासन की कार्रवाई से पहले ही स्वयं अपना अतिक्रमण हटाकर सामान सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया।
अभियान के दौरान एसडीएम अशोक कुमार और नायब तहसीलदार राजाराम के नेतृत्व में प्रशासनिक टीम मौके पर मौजूद रही। कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए सीओ किरण पाल सिंह, कोतवाल देवेंद्र प्रताप सिंह सहित चार थानों की पुलिस तैनात रही। पूरे अभियान के दौरान प्रशासन ने सुरक्षा के बीच अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई कराई।
लोक निर्माण विभाग ने पूर्व में 115 लोगों को अतिक्रमण हटाने का नोटिस जारी किया था। निर्धारित समय सीमा बीत जाने के बावजूद कब्जा नहीं हटाने पर विभाग ने बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई शुरू की, जो तीसरे दिन भी जारी रही।
कार्रवाई के दौरान कई दुकानदार मलबे में दबे अपने सामान को निकालने में जुटे रहे। वहीं, अनेक लोगों ने पहले ही अपनी दुकानों और मकानों से चौकी, गैस सिलेंडर, चूल्हा, शटर, दवाइयां, बर्तन, जंगला, दरवाजे, अलमारी, मेज-कुर्सियां, टायर, खराद मशीन, चाय की केतली तथा खाद्य सामग्री सहित अन्य जरूरी सामान सुरक्षित स्थान पर हटा लिया था।
एसडीएम अशोक कुमार ने बताया कि लोक निर्माण विभाग द्वारा 115 लोगों को नोटिस जारी किए गए थे। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई विभाग की ओर से की जा रही है, जबकि प्रशासन की जिम्मेदारी कानून-व्यवस्था बनाए रखने और सुरक्षा व्यवस्था उपलब्ध कराने की है।