Ballia: जड़ी-बूटी की दुकान में बिकते मिले प्रतिबंधित जानवरों के अंग, तांत्रिक क्रियाओं में होते हैं इस्तेमाल
बलिया के शहीद पार्क चौक स्थित एक जड़ी-बूटी की दुकान में रविवार शाम वाइल्डलाइफ विभाग दिल्ली, वन विभाग बलिया, एसओजी और शहर कोतवाली की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा।
विस्तार
बलिया के शहीद पार्क चौक स्थित एक जड़ी-बूटी की दुकान में रविवार को दिल्ली के वन विभाग की टीम ने छापेमारी की। इस दौरान टीम ने दुकान संचालक के साथ एक सहकर्मी को गिरफ्तार कर लिया। साथ ही प्रतिबंधित जानवरों के अंगों को भी जब्त किया। दुकान से शेर के नाखून, कछुआ की खाल, हाथी के दांत, हिरण की खाल सहित अन्य प्रतिबंधित जानवरों के अंग मिले। इन वन्य जीवों के अंग कहां से आए और कब से इसका व्यापार किया जा रहा है, ये साफ नहीं हो पाया है। इन जानवरों के अंगों का उपयोग औषधि और तांत्रिक क्रियाओं में किया जाता है।
शहर कोतवाली क्षेत्र के शहीद पार्क चौक के समीप स्थित पारसनाथ गुप्ता की दुकान में वाइल्डलाइफ विभाग दिल्ली, वन विभाग बलिया, एसओजी और शहर कोतवाली की टीम ने संयुक्त रूप से छापा मारा। की। इस दौरान दुकान में रखें शेर के नाखून, कछुआ की खाल, हाथी के दांत, हिरण की खाल सहित अन्य प्रतिबंधित जानवरों के अंग मिले।
टीम ने जानवरों के अंग को जब्त करने के साथ ही दुकान संचालक पारसनाथ गुप्ता और रोशन कुमार को गिरफ्तार कर लिया। इस दौरान मौके पर कोतवाली पुलिस के साथ ही अन्य चौकियों के पुलिसकर्मी मौजूद रहे। शहर कोतवाली क्षेत्र में देर रात भी छापेमारी जारी थी।
गोपनीय सूचना के आधार पर हुई कार्रवाई
डीएफओ श्रद्धा यादव ने बताया कि वन विभाग की ओर से यह कार्रवाई गोपनीय सूचना के आधार पर की गई है। सूचना मिली थी कि यहां पर प्रतिबंधित जानवरों के अंगों का काफी समय से व्यापार किया जा रहा है। इसी आधार पर चौक क्षेत्र में छापेमारी की गई। यहां एक प्रतिष्ठान से दो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनके गोदाम को सील कर दिया गया है। उनसे हुई पूछताछ के आधार पर आसपास की दुकानों पर भी छापेमारी का दौर जारी है।
काम काफी समय से चल रहा था व्यापार
बलिया जनपद में प्रतिबंधित जानवरों के अंगों के व्यापार का काम काफी समय से चल रहा था। सूत्रों के अनुसार चौक क्षेत्र स्थित कुछ दुकानों पर इन प्रतिबंधित जानवरों के अंगों का व्यापार धड़ल्ले से किया जा रहा था। कार्रवाई नहीं होने से इनका व्यापार धड़ल्ले से जारी था।
बताया जाता है कि दिल्ली की वाइल्डलाइफ विभाग की टीम की सूचना पर वन विभाग की टीम ने यह कार्रवाई की की है। डीएफओ श्रद्धा यादव ने बताया कि इस अवैध व्यापार में संलिप्त सभी लोगों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
