भाजपा विधायक की चेतावनी: सीएमओ को लगाई फटकार, बोले- मेरे विधानसभा में कराएं लापरवाह चिकित्सकों की तैनाती, सुधार दूंगा
जिला अस्पताल में समय से पोस्टमार्टम नहीं होने पर भाजपा विधायक भड़क गए। उन्होंने सीएमओ को फटकार लगाई और स्वास्थ्यमंत्री को मामले की जानकारी दी। साथ ही रात में पोस्टमार्टम तक वह वहीं रुके रहे।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
चिकित्सकों की लापरवाही से शव का समय पर पोस्टमार्टम नहीं होने पर भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह बुधवार की रात जिला अस्पताल पहुंच गए। चिकित्सकों के रवैये पर नाराजगी जताते हुए सीएमओ को फटकार लगाने के बाद स्वास्थ्य मंत्री को मामले की जानकारी दी। यहां तक कहा कि लापरवाह चिकित्सकों की तैनाती मेरी विधानसभा में कर दी जाए, सुधार दूंगा। विधायक की नाराजगी के बाद देर रात युवक के शव का पोस्टमार्टम किया गया।
बुधवार सुबह चांदपुर गांव निवासी मो. शमीम (35) पुत्र समसुद्दीन किसी की बाइक से बलिया जा रहा था। देवराज ब्रह्म मोड़ पर सामने तेज रफ्तार से आ रही मोटरसाइकिल से उसकी बाइक टकरा गई। इससे उसकी मौके पर मौत हो गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया गया था।
इसके बाद भी चिकित्सकों की लापरवाही से देर शाम तक पोस्टमार्टम नहीं किया गया। समय से पोस्टमार्टम नहीं होने से नाराज बीजेपी विधायक सुरेंद्र सिंह बुधवार रात को जिला चिकित्सालय पहुंच गए। विधायक ने सीएमओ को कड़ी फटकार लगाकर सुधर जाने की नसीहत दी। इससे जिला अस्पताल में हड़कंप मच गया। स्वास्थ्य मंत्री से भी फोन से लापरवाही की शिकायत की।
विधायक की नाराजगी पर देर रात शव के पोस्टमार्टम की प्रक्रिया शुरू की गई। इस दौरान सुरेंद्र सिंह वहीं बैठे रहे। विधायक ने चिकित्सकों को नसीहत दी थी। भगवान बने, राक्षस का रूप नहीं। उन्होंने कहा कि मृतक के पिता नेत्रहीन हैं। हमें उनके परिवार की भी चिंता है।
सीएमओ से कहा कि ऐसे लापरवाह चिकित्सकों और कर्मचारियों की तैनाती मेरे विधानसभा में कर दें। उन्हें सुधार दूंगा। वहीं, सीएमओ डॉ. तन्मय कक्कड़ ने कहा कि पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। चिकित्सक की लापरवाही पर कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी। दोषी पाए जाने पर चिकित्सक का स्थानांतरण किया जाएगा।