जबरदस्ती हटाई बैरिकेडिंग: बालू लदा ट्रक निकालने का प्रयास, पुलिसकर्मी से अभद्रता का आरोप; वीडियो वायरल
भरौली गोलंबर पर बैरिकेडिंग हटाकर लाल बालू लदा ट्रक निकालने के प्रयास को लेकर पुलिसकर्मियों और ट्रक सवार लोगों में झड़प हो गई। आरोप है कि ट्रक को रोकने पर चालक पक्ष ने पुलिसकर्मी से अभद्रता की। पुलिस ने मौके पर स्थिति संभाली। मामले में पुलिसकर्मियों से अभद्रता और बैरिकेडिंग हटाने के प्रयास की जांच की जा रही है।
विस्तार
बलिया के भरौली गोलंबर एक बार फिर लाल बालू लदे ट्रकों को लेकर सुर्खियों में है। बृहस्पतिवार की सुबह लाल बालू लदे एक ट्रक को जबरन बैरिकेडिंग हटाकर बलिया मार्ग पर निकालने का प्रयास किए जाने का वीडियो वायरल होने पर चर्चाओं का बाजार गर्म हो गया। वायरल वीडियो में कुछ लोग बैरिकेडिंग हटाकर ट्रक को नरही की तरफ ले जाने का प्रयास करते दिखाई दे रहे हैं, जबकि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी ट्रक को रोकने की कोशिश करते नजर आ रहे हैं। इस दौरान पुलिसकर्मी से झड़प व अभद्र करने का भी आरोप है। वीडियो की पुष्टि संवाद न्यूज एजेंसी नहीं करती है।
भरौली-बलिया मार्ग पर अक्सर सड़क जाम व दुर्घटना को लेकर प्रशासन ने भारी वाहनों के संचालन पर रोक लगाकर उन्हें मुहम्मदाबाद या पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के लिंक रोड से होकर करीमुद्दीनपुर से चितबड़ागांव आते हैं। जिसके बाद जाम की समस्या खत्म हो गई। सिर्फ खाली ट्रकों को जाने की परमिशन है।
करीमुद्दीनपुर रूट से आने में बालू या अन्य ट्रकों को डीजल पर एक से दो हजार रुपये का अतिरिक्त खर्च पड़ता है। नरही थाना क्षेत्र के ट्रक मालिक पुलिस की मिलीभगत या राजनीतिक संरक्षण में चोरी-छिपे लाल बालू लदी ट्रकों को चले जाते हैं। लेकिन ड्यूटी पर सख्त पुलिसकर्मी होने से उनकी दाल नहीं गलती है।
वायरल वीडियो भरौली पिकेट का बताया जा रहा है। जिसमें एक युवक बैरिकेडिंग हटाकर ट्रक को पास करना चाहता है, लेकिन दो पुलिसकर्मी बार-बार बैरियर से ट्रक को रोक देते हैं। बताया जा रहा है कि ट्रक को नरही स्थित दुकान पर ले जाने के लिए वाहन स्वामी द्वारा बैरिकेडिंग हटाने का प्रयास किया। पुलिसकर्मियों ने इसका विरोध करते हुए ट्रक को आगे बढ़ने से रोकने की कोशिश की। ट्रक बैरिकेडिंग पर चढ़ाने का प्रयास करता है, लेकिन तब तक सामने से एक युवक जो फोन पर किसी से बात कर रहा है, चालक को रुकने का इशारा करते हुए ट्रक को पीछे ले जाने को कहता है।
इस बाबत एएसपी दक्षिणी संजय वर्मा ने कहा कि भरौली गोलंबर पर एक ट्रक चालक द्वारा जबरदस्ती ट्रक को नरही की तरफ ले जाने का प्रयास किया गया, रोकने पर पुलिसकर्मी से अभद्रता किया गया। चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज किया गया है। जाम की समस्या को देखते हुए पूर्व में अधिकारियों द्वारा नियम लगाया गया है, जिसका पालन कराया जा रहा है।