बैरिया। बैरिया-सुरेमनपुर मार्ग पर बैरिया से बीवीटोला तक चल रहे नाला निर्माण के चलते आवागमन पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। इससे लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
बैरिया विधानसभा क्षेत्र में बैरिया से सुरेमनपुर तक के मार्ग को शहीद स्मारक मार्ग नाम से जाना जाता है। इस मार्ग से पैदल, साइकिल, मोटरसाइकिल, रिक्शा, तांगा, चार पहिया वाहनों के अलावा ट्रकों का आना जाना होता है। निर्माण स्थल से आगे भागड़ नाला सेतु पार करते ही बलिया जनपद के पूरब का सबसे बड़ा बाजार रानीगंज बाजार स्थित है। इस बाजार में आठ बैंक, पोस्ट ऑफिस, एलआईसी, डाकघर के अलावा कई व्यावसायिक प्रतिष्ठान हैं। नाला से निकाली जा रही मिट्टी को किनारे किया जा रहा है। जबकि गड्ढे में निर्माण कार्य चल रहा है। ऐसे में इस मार्ग पर आवागमन पूरी तरह से अवरुद्ध हो गया है। बैरिया से रानीगंज आने जाने लोग चिरैया मोड़ से होकर चकिया होते आवागमन कर रहे हैं। इसी तरह बैरिया से मठ योगेंद्र गिरि होकर इब्राहिमाबाद के रास्ते रानीगंज आ जा रहे हैं। बैरिया नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव कुमार वर्मा मंटन निर्माण कार्य के कारण लोगों को जरुर असुविधा हो रही है लेकिन यह परेशानी आने वाले दिनों के राहत वाली होगी। 80 मीटर कार्य पूरा कराया जा रहा है, प्रयास है कि लोगों के आने-जाने लायक मार्ग भी जल्द दुरुस्त हो जाएगा।