बलिया। सरकार की ओर से चलाए जा रहे एंबुलेंस सेवा के तहत काम करने वाले संविदा कर्मचारियों ने अपने मांगों के समर्थन में बुधवार को कलेक्ट्रेट में पहुंच डीएम के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। जिसमें मांग किया गया है कि काम लेने वाली कंपनी हम लोगों को बंधुआ मजदूर की तरह से काम करा रही है। लेकिन मानदेय के नाम पर कुछ भी नहीं दिया जाता है.
पत्र में उल्लेख किया गया है कि एएलएस एंबुलेंस कर्मचारी संघ बलिया के लिए हम कर्मचारी 102 व 108 एंबुलेंस वाहनों का संचालन करने वाली कंपनी जीवीकेईएमआरआई के अधिकारी द्वारा हर माह सरकार को करोड़ों रुपये का चूना लगाया जाता है। कंपनी के द्वारा फर्जी बिल लगाकर हर माह सरकार से भुगतान कराया जाता है। कर्मचारियों के वेतन देने में बड़े पैमाने पर धांधली की जा रही है। कंपनी की ओर से मिनिमम वेज नहीं दिया जा रहा है। आरोप लगाया है कि एंबुलेंस सेवा के तहत रखे गये संविदा कर्मचारियों से कराये गये ओवरटाइम का भुगतान भी नहीं कराया जारहा हैं। पत्रक में चेताया है कि अगर 24 घंटे के भीतर मानदेय का भुगतान नहीं किया गया तो हम प्रदेश व्यापी कार्य बहिष्कार करने के लिए विवश होंगे। इस मौके राजकुमार यादव, अंजनी यादव, सत्येंद्र कुमार, सुनील कुमार, बेचन, पंकज आदि मौजूद रहे।