बलिया। शहर से सटे जीराबस्ती क्षेत्र में बार-बार हो रहे जलभराव की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने शुक्रवार को मौके पर पहुंचकर स्थिति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने जलभराव की समस्या का स्थायी समाधान निकालने के लिए संबंधित विभागों को निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया कि जल निगम, ग्राम पंचायत और नगर पालिका मिलकर एक संयुक्त टीम बनाएं तथा ऐसा प्रोजेक्ट तैयार करें, जिससे इस समस्या का स्थायी निस्तारण किया जा सके।
उन्होंने ग्राम प्रधान से भी बातचीत कर स्थानीय स्तर पर समाधान के सुझाव प्राप्त किए। उन्होंने एडीओ पंचायत को निर्देशित किया कि पानी निकासी के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं। जिलाधिकारी ने कहा कि पंपिंग मशीनों के माध्यम से पानी को तुरंत निकाला जाए। शाम से ही जितनी संभव हो उतनी मशीनें लगाकर जलनिकासी का कार्य प्रारंभ किया जाए, ताकि आमजन को राहत मिल सके। इसके साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि कल से सभी चेंबर खोले जाएं और उनकी सफाई कर उन्हें चालू स्थिति में लाया जाए। श्रमिकों की संख्या बढ़ाने के निर्देश भी एडीओ पंचायत को दिए गए।