बलिया। जिले में अभी भी 50077 हजार बच्चे यूनीफार्म योजना का धन पाने से वंचित है। जबकि ठंड ने दस्तक दे दी है, राशि नहीं मिलने से अभिभावक बच्चों के लिए यूनिफार्म के साथ स्वेटर सहित अन्य सामान की खरीदारी नहीं कर पा रहे। ऐसे में बच्चों को जाड़े के मौसम में दिक्कतें हो सकती हैं। शासन से परिषदीय स्कूलों में पढ़ने वाले बच्चों को यूनीफार्म, स्वेटर, जूता, मोजा, स्टेशनरी आदि के लिए 1200 रुपये डीबीटी के माध्यम से दिए जाते हैं। यह धन बच्चों के अभिभावकों के खातों में भेजे जाते हैं। सितंबर माह में 1.83 लाख बच्चों के अभिभावकों के खाते में धन भेजा गया था। इसके बाद भी 50077 छात्र योजना का लाभ पाने से वंचित रह गए। पहली किस्त जारी हुए एक माह से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन शासन से दूसरी किस्त अभी भी नहीं जारी की गई है। जबकि ठंड दस्तक दे चुकी है। अभिभावक स्वामीनाथ गोंड ने बताया कि मेरे दो बच्चे स्कूल में पढ़ते हैं। स्कूल में कुछ बच्चों को यूनीफार्म के लिए धनराशि मिली है, लेकिन उनके बच्चों को अभी तक धनराशि नहीं आई है। गणेश पटेल ने बताया कि शिक्षासत्र को नौ माह का समय हो चुका है, लेकिन अभी तक बेटी के यूनीफार्म का धन नहीं मिला है। जिला समन्वयक, डीबीटी योजना सौरभ गुप्ता ने बताया कि जिले में लगभग 50077 बच्चों का यूनीफार्म का धन अभी नहीं आया है। आधार कार्ड पोर्टल पर अपलोड करने का कार्य पूरा हो चुका है। जल्द ही अभिभावकों के खाते में धन आने की संभावना है।