बलिया। दानवीर भामाशाह की जयंती पर सोमवार को विकास भवन सभागार में राज्य कर विभाग की ओर से व्यापारी कल्याण दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता प्रदेश के परिवहन मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने की। दीप प्रज्वलन एवं दानवीर भामाशाह के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर कार्यक्रम का शुभारंभ हुआ। कार्यक्रम के दौरान सांस्कृतिक गीत-संगीत की आकर्षक प्रस्तुतियों ने उपस्थित लोगों का मन मोह लिया। मुख्य अतिथि परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने जिले के 10 प्रमुख करदाताओं को भामाशाह सम्मान से सम्मानित किया। जनपद के उद्यमियों ने वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट (ओडीओपी) योजना के तहत सत्तू और बिंदी के आकर्षक स्टॉल लगाए, जिन्होंने लोगों का विशेष ध्यान आकर्षित किया।
कार्यक्रम का संचालन करते हुए उपायुक्त, राज्य कर, बलिया बजरंगी यादव ने विभाग की कार्यप्रणाली, करदाताओं के लिए संचालित विभिन्न योजनाओं तथा व्यापारिक हितों से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने करदाताओं से पारदर्शी कर व्यवस्था को मजबूत बनाने में सहयोग की अपील भी की। इस अवसर पर जनपद के सभी सहायक आयुक्त, राज्य कर अधिकारी, विभागीय कर्मचारी, विभिन्न व्यापारिक संगठनों के पदाधिकारी, व्यापारी मौजूद रहे।