बलिया। प्रदेश सरकार और स्वास्थ्य विभाग ने शनिवार को जिले को 10 नई 108 नंबर की एंबुलेंस की सौगात दी। एंबुलेंस को सदर विधायक आनंद स्वरूप शुक्ला एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. प्रीतम कुमार मिश्रा ने जिलाधिकारी कार्यालय परिसर से हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने बताया कि जिले में पहले से ही 108 नंबर की 28 एंबुलेंस, 102 की 38 एंबुलेंस और एएलएस (एडवांस लाइफ सपोर्ट) की चार एंबुलेंस चल रहीं हैं। अब 10 और एंबुलेंस मिल जाने से जिला चिकित्सालय सहित ग्रामीण इलाकों के सीएचसी और पीएचसी तक मरीजों को पहुंचने और खासकर दुर्घटना वाले मरीजों के लिए वरदान साबित होगा। इन सभी एंबुलेंस को जिला चिकित्सालय, हनुमानगंज, रसड़ा, बेलहरी, सोहावं, रेवती, बेल्थरा, सिकन्दरपुर, सोनबरसा, बांसडीह में चलाया जायेगा। 108 एंबुलेंस के जिला प्रभारी रवि शंकर शर्मा एवं गौरव सिंह ने बताया कि सन 2012 में यह योजना शुरू हुयी थी। वर्ष 2016 में लगभग 40786, वर्ष 2017 में लगभग 35841, वर्ष 2018 में लगभग 37097 लोग लाभांवित हो चुके हैं। वहीं 102 एंबुलेंस जिसकी सेवा 2014 से शुरू हुई थी। जिससे वर्ष 2016 में लगभग 1.68 लाख, 2017 में लगभग 1.16 लाख, 2018 में लगभग 1.31 लाख लोगों ने इसका लाभ उठाया है। 108/102 एम्बुलेंस के प्रोग्राम मैनेजर अंकित सक्सेना ने बताया कि पिछले पांच वर्षों से जो वाहन चल रहे हैं वह ढाई लाख किलोमीटर से ऊपर चल चुके हैं। उनके रिप्लेसमेंट की कार्यवाही भी चल रही है। बताया कि 108 एंबुलेंस के 12 वाहन ढाई लाख किलोमीटर चल चुके हैं। इसमें से 108 एंबुलेंस के 12 वाहनों के बदलने की कवायद चल रही है।