बहराइच। नवरात्र के पांचवें दिन मां स्कंदमाता की आराधना की गई। भक्तों ने मंदिरों में माथा टेका और मां का आशीर्वाद लिया। पूजा पंडालों में भी सुबह से ही भक्त उमड़ रहे हैं। मां के जयकारों से मंदिर व पूजा पंडाल गूंज रहे हैं।
नवरात्र में श्रद्धालु मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा कर सुख समृद्धि की कामना करते है। इसी के तहत पांचवें दिन बुधवार को श्रद्धालुओं ने मां के स्कंदमाता स्वरूप की पूजा की। शहर से लेकर ग्रामीण अंचल तक स्थित मंदिरों व पूजा पंडालों में दिन भर भक्त उमड़ते रहे। शहर के मरी माता मंदिर, संघारिणी मंदिर, गुल्लाबीर मंदिर व छोटी बेरिया मंदिर में भोर से ही श्रद्धालु दर्शन पूजन के लिए कतारबद्ध नजर आए।
ग्रामीण अंचलों में रिसिया, नानपारा, मटेरा, रूपईडीहा, खैरीघाट, जरवलरोड, हुजुरपुर समेत अन्य जगहों पर भी पूजन-अर्चन किया गया। शहर के नारायण चौराहा स्थित पंडाल में बुधवार की रात मां कूष्मांडा देवी का प्रकटीकरण हुआ। जिसे देखने के लिए दूरदराज से भक्त पहुंचे थे।