नवाबगंज। कस्बे और आसपास के गांवों में बंदरों के बढ़ते उत्पात से परेशान ग्रामीणों ने मंगलवार को गांव में प्रदर्शन किया। इस दौरान उन्होंने बंदरों को पकड़कर जंगल में छोड़ने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि बंदरों के झुंड आए दिन लोगों को परेशान कर रहे हैं और दुकानदारों को भी नुकसान उठाना पड़ रहा है।
नवाबगंज कस्बे के चौक-चौराहों और बाजारों में बंदर अक्सर पहुंच जाते हैं। ये दुकानों से फल, सब्जी और अन्य सामान उठाकर ले जाते हैं। इसके अलावा राह चलते लोगों को भी बंदरों के हमले का डर बना रहता है। ग्रामीण जियाउर रहमान अंसारी, संदीप, हमीद अहमद, अब्दुल लतीफ, किशोरी, रिजवान, मतलूब अहमद, आजिज अहमद और अब्दुल अंसारी सहित अन्य लोगों ने प्रदर्शन कर बंदरों को पकड़वाने के लिए पोर्टल पर शिकायत भी दर्ज कराई है। वन क्षेत्राधिकारी अब्दुल्लागंज पंकज साहू ने बताया कि बंदरों को पकड़ने के लिए ग्राम प्रधानों के पास बजट उपलब्ध कराया जाता है। ग्राम प्रधान चाहें तो उन्हें पकड़वाने की कार्रवाई करा सकते हैं।