रुपईडीहा/बाबागंज। जिले के पश्चिमी छोर पर पिछले चार दिनों से विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बदहाल है। इससे नाराज ग्रामीणों ने बृहस्पतिवार को प्रदर्शन किया। क्षेत्र में लगातार हो रहे ब्रेकडाउन से रुपईडीहा, बाबागंज समेत आसपास के गांवों में उपभोक्ताओं को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। सहाबा उपकेंद्र से रंजीतबोझा, रुपईडीहा, बाबागंज, पटना कॉलोनी, आईसीपी और जामोग समेत दो कृषि फीडरों सहित कुल आठ फीडरों का संचालन होता है। इनमें आपूर्ति बाधित होते ही सभी क्षेत्रों में रहने वाले उपभोक्ताओं को गर्मी और अंधेरे का सामना करना पड़ता है। पिछले चार दिनों से शाम छह से सात बजे के बाद नानपारा से सहाबा के बीच लगातार ब्रेकडाउन होने के कारण रातभर बिजली बाधित हो रही है।
भाजपा नामित सभासद रतन अग्रवाल, पार्वती देवी, काली प्रसाद गुप्ता, राजकुमार गुप्ता तथा उपभोक्ता अजय कुमार, सिद्धनाथ गुप्ता और राजकुमार वर्मा ने आरोप लगाया कि रुपईडीहा में तैनात कुछ विद्युत कर्मी रात में उपभोक्ताओं के फोन तक नहीं उठाते हैं। उधर, बाबागंज इलाके में गांव में लगा ट्रांसफार्मर खराब होने के बाद उसे हटवा लिया गया, लेकिन दोबारा नहीं लगाया गया। बृहस्पतिवार को गांव में 63 केवी क्षमता का ट्रांसफार्मर लगाने की बात कही गई थी, लेकिन मौके पर 25 केवी का ट्रांसफार्मर लगाए जाने पर ग्रामीणों ने आपत्ति जताई। विकास, राजकिशोर, गौरीशंकर और शोभाराम समेत अन्य ग्रामीणों ने प्रदर्शन किया। बाबागंज चौकी पुलिस ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया।