उर्रा (बहराइच)। मिहींपुरवा विकास खंड के महाराजसिंह नगर गांव के मजरा खैरीपुरवा में 15 मीटर लंबी सड़क पर काफी दिनों से जलभराव था। इससे ग्रामीणों को आवागमन में दिक्कतें हो रही थीं। इसे दुरुस्त कराने के लिए ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी से लेकर तहसील प्रशासन तक गुहार लगाई, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। इस पर ग्रामीणों ने चंदा जुटाया और श्रमदान कर सड़क पर मिट्टी का पटान करवा दिया। अब सड़क चलने लायक हो गई है। सड़क निर्माण पर तीन हजार रुपये खर्चा आया है।
मिहींपुरवा विकास खंड अंतर्गत ग्राम पंचायत महाराज सिंह नगर के मजरा खैरीपुरवा में 15 मीटर सड़क बदहाल थी। जलभराव व ऊबड़-खाबड़ मार्ग से लोगों का निकलना दूभर था। इसकी शिकायत ग्रामीणों ने खंड विकास अधिकारी के साथ तहसील प्रशासन से की। पीडब्ल्यूडी के कर्मचारियों को भी अवगत कराया, लेकिन समस्या का समाधान नहीं हुआ। एक माह तक इंतजार करने के बाद ग्रामीण रामविलास, अखिलेश, यशवंत, उमेश, राकेश कुमार, रवि, अजय, रंजीत, रोहित, गोविंद, संदीप, रामबली, पंकज, रमाकांत, महिंदर, लल्लू ने चंदा एकत्रित किया। इसके बाद श्रमदान कर ग्रामीणों ने सड़क पर मिट्टी की पटान करा दी। गांव निवासी रामसमुझ के घर से रमेश के घर तक मिट्टी का पटान कार्य करवाया। ग्रामीणों ने कहा कि सड़क निर्माण के लिए किसी अधिकारी ने ध्यान नहीं दिया, जिससे मजबूरी में चंदा जुटाकर मिट्टी डलवानी पड़ी। ग्रामीणों ने श्रमदान भी किया।